नयी दिल्ली, 10 जनवरी, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पुत्र अनिल शास्त्री ने अपने पिता की संदेहास्पद परिस्थितियों में मृत्यु पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार से उनकी मृत्यु से जुड़ी फाइलों को सार्वजनिक करने की मांग की है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के बड़े पुत्र श्री अनिल ने यूनीवार्ता से बातचीत में सवाल कहा “ताशकंद समझौते के लिए गए मेरे पिता को मुख्य शहर से 20 किलोमीटर दूर क्यों ठहराया गया था? उनके कमरे में काॅल बेल और प्राथमिक उपचार जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं थी , जो किसी भी प्रधानमंत्री की सुरक्षा प्रोटोकाल के लिए जरुरी और आधारभूत है।”
उन्होंने कहा “मेरे पिता की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत के बाद उनके बाद की सरकारों ने बिल्कुल सौतेला व्यवहार किया और सच्चाई आज तक सामने नहीं आ सकी। मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फाइलों को सार्वजनिक करने का अनुरोध किया है और उम्मीद है कि वह निराश नहीं करेंगे। जब नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़ी फाइलें सार्वजनिक हो सकती हैं तो फिर मेरे पिता की क्यों नहीं।” वर्ष 1965 में भारत और पाकिस्तान युद्ध के बाद ताशकंद समझौते के लिए गए तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें