बिहार : इंजीनियर हत्याकांड में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 10 जनवरी 2016

बिहार : इंजीनियर हत्याकांड में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद

bihar map
दरभंगा 10 जनवरी, बिहार के दरभंगा में पंद्रह दिन पूर्व हुए दोहरे इंजीनियर हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार बहेड़ी की प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी और उसके पति संजय लालदेव की निशानदेही पर पुलिस ने आज इस कांड में इस्तेमाल की गयी मोटरसाइकिल तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जब्त कर कार्रवाई और तेज कर दी है । दरभंगा (सदर) के पुलिस उपाधीक्षक दिलनवाज अहमद ने यहां बताया कि पति -पत्नी की इस मामले में कल जिले के लहेरियासराय रेलवे स्टेशन के समीप से गिरफ्तारी के बाद गहन पूछताछ की गयी । इस हत्याकांड के बाद पति-पत्नी के भूमिगत रहने पर स्थानीय पुलिस ने दरभंगा की एक अदालत में पांच जनवरी को गिरफ्तारी का वारंट जारी करने का आग्रह किया था । वांरट निकलने पर भूमिगत पति-पत्नी पर कल लहेरियासराय स्टेशन पर अचानक पुलिस की नजर पड़ी और इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया । श्री अहमद ने बताया कि पिछले 26 दिसम्बर को सड़क निर्माण कार्य में लगे एक निजी कंपनी के इंजीनियर मुकेश कुमार और ब्रजेश कुमार की दिन दहाड़े कार्यस्थल पर ही हत्या कर दी गयी थी । गहन पूछताछ में पति-पत्नी से प्राप्त जानकारी के बाद पुलिस ने इस कांड को अंजाम देने के लिए अपराधियों को ठहराये गये ठिकानों पर छापेमारी की । छापेमारी में यह भी पता चला कि जिस ठिकाने पर अपराधी ठहरे थे वह भाड़े पर रहने के लिए उन्हें दिलाया गया था । 

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि इस कार्रवाई के तहत बहादुपुर थाना क्षेत्र के न्यू खाजा सराय स्थित दुर्गानंद के मकान पर छापेमारी की गयी । इसी मकान में रहकर अपराधियों ने घटना को अंजाम देने की योजना तैयार की थी । उक्त ठिकाने से इस हत्याकांड में इस्तेमाल की गयी मोटरसाइकिल ,कपड़ा तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किये गये हैं । स्थानीय पुलिस जब्त सामानों की गहराई से जांच करने में लगी हुई है । श्री अहमद ने बताया कि कांड से पूर्व अपराधी जिस किराये के मकान में रहकर पूरी योजना तैयार की थी उसी मकान के एक हिस्से में रह रहे पड़ोसी गौतम कुमार ने फोटो दिखाये जाने पर अपराधियों की पहचान करण और पिंटू के रूप में की । अपनी पहचान छुपाने के लिए अपराधी जहां करण और पिंटू के नाम से रहा करते थे वहीं अपने को पतंजलि संस्थान का सदस्य बताया करते थे । 

पुलिस उपधीक्षक ने बताया कि हत्याकांड में इस्तेमाल किये गये मोटरसाइकिल और अन्य दस्तावेजों की बरामदगी के बाद से छापेमारी तेज कर दी गयी है । इस मामले में अभी तक बहेड़ी प्रमुख मुन्नी देवी और उनके पति समेत 12 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है । इस मामले का मुख्य आरोपी मुकेश पाठक अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा है । पुलिस मुकेश की गिरफ्तारी के लिये नेपाल से लगे बिहार के सीमावर्ती जिलों में लगातार छापेमारी कर रही है । उल्लेखनीय है कि 75 करोड़ रूपये रंगदारी की मांग को लेकर 26 दिसम्बर को दरभंगा जिले में सड़क निर्माण कार्य में लगी एक निजी कम्पनी के दो इंजीनियरों की दिनदहाड़े कार्यस्थल पर ही हत्या कर दी गयी थी । 

कोई टिप्पणी नहीं: