इंजीनियर हत्याकांड में प्रखंड प्रमुख और उसका पति गिरफ्तार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 9 जनवरी 2016

इंजीनियर हत्याकांड में प्रखंड प्रमुख और उसका पति गिरफ्तार

arrest-in-darbhanga-murder-case
दरभंगा 09 जनवरी, बिहार के दरभंगा में हुए दोहरे इंजीनियर हत्याकांड मामले में पुलिस ने आज बहेड़ी की प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी और उसके पति संजय लालदेव को गिरफ्तार कर लिया । दरभंगा जिले के बेनीपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी अंजनी कुमार ने बताया कि पति -पत्नी को इस मामले में लहेरियासराय रेलवे स्टेशन के समीप से गिरफ्तार किया गया । इस सिलसिले में स्थानीय पुलिस ने दरभंगा की एक अदालत से पांच जनवरी को गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आग्रह किया था । गिरफ्तारी वांरट निकलने के बाद पति-पत्नी फरार हो गये थे । श्री कुमार ने बताया कि गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में उनके घर की कुर्की की जानी थी और इसी को लेकर आज उसके घर पर इश्तेहार चस्पा किया जाना था लेकिन इससे पहले ही दोनों गिरफ्तार कर लिये गये । पिछले 26 दिसम्बर को दोहरे इंजीनियर हत्याकांड के बाद से पति -पत्नी भूमिगत हो गये थे । 

अनुमंडल पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में अभी तक पति-पत्नी समेत 12 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है । इस मामले का मुख्य आरोपी मुकेश पाठक हालांकि अभी भी पुलिस से बचता फिर रहा है । पुलिस मुकेश की गिरफ्तारी के लिये नेपाल से लगे बिहार के सीमावर्ती जिलों में लगातार छापेमारी कर रही है । श्री कुमार ने बताया कि इस मामले में पहले ही प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी के देवर पिंटू लालदेव को गिरफ्तार किया जा चुका है । गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान पिंटू ने यह स्वीकार किया था कि उसके घर पर शार्प शूटर मुकेश और उसके सहयोगियों का आना -जाना लगा रहता था । कोलकाता से गिरफ्तारी के बाद जेल में बंद उत्तर बिहार का कुख्यात अपराधी सरगना संतोष झा के भी पिंटू तथा उसके परिवार के लोगों के साथ संबंध होने का पता चला है । इस बीच पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे पूर्वी चम्पारण जिले के मेहसी प्रखंड के मरूआबाद गांव के निवासी मुकेश पाठक और चकिया प्रखंड के पिपराखेम के नीतीश दूबे ,सीतामढ़ी जिले के बथनाहा गांव के विकास झा उर्फ कालिया तथा मधुबनी जिले के अभिषेक मिश्रा के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी है । हत्याकांड के बाद से ये सभी आरोपी फरार हैं । उल्लेखनीय है कि 75 करोड़ रूपये रंगदारी की मांग को लेकर 26 दिसम्बर को दरभंगा जिले में सड़क निर्माण कार्य में लगी एक निजी कम्पनी के इंजीनियर मुकेश कुमार और ब्रजेश कुमार की दिनदहाड़े कार्यस्थल पर ही हत्या कर दी गयी थी । 

कोई टिप्पणी नहीं: