पटना 12 जनवरी, जन अधिकार पार्टी(लो) की बिहार इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने प्रदेश में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए आज कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल(राजद)अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बीच वर्चस्व की लड़ाई में राज्य का बंटाधार हाे रहा है। श्री कुशवाहा ने कहा कि सूबे में बढ़ रहे हत्या,लूट,बलात्कार जैसे अपराध की घटनाओं में वृद्धि और राजद के अध्यक्ष तथा श्री कुमार के बीच के वर्चस्व की लड़ाई में प्रदेश का बंटाधार हो रहा है। दोनों के कलह से प्रशासन पंगु हो रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अधिकारी सात सर्कुलर रोड(नीतीश कुमार का आवास)से 10 सर्कुलर रोड(लालू प्रसाद यादव का आवास)में हाजिरी लगाते-लगाते परेशान हैं। हालत ये है कि 15 से अधिक भारतीय प्रशासनिक सेवा(आईएएस)के अधिकारियों ने बिहार छोड़ने की अर्जी दे रखी है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि श्री यादव के साथ गठबंधन के साथ ही बिहार से पलायन कर चुके अपराधियों की वापसी हो गई। सरकारी आंकड़ों के अनुसार दो महीने में महागठबंधन की सरकार में 253 हत्यायें हो चुकी हैं। इससे भयभीत निवेशकों ने बिहार में निवेश करने से इन्कार कर दिया है। प्रदेश में धान क्रय नहीं होने से किसानों की हालत खराब हो गई। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार चुनाव में किए अपने वादे से मुकर रही है। चुनाव के दौरान कहा था कि किसानों की धान खरीदारी के साथ उन्हें बोनस दिया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच से कहा कि सूबे में पूर्ण शराब बंदी होगी लेकिन बाद में देशी-विदेशी का बहाना करने लगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सरकार से मांग करती है कि चुनाव में किए अपने वादे को अंजाम दें नहीं तो जाप आंदोलन करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें