श्रीनगर, 10 जनवरी, जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों से हजारों लोगों ने दिवंगत मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के अनंतनाग जिले के बिजबेहरा में आयोजित चहर्रुम(चौथा) पर आज फातेहा पढ़ा। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी(पीडीपी) अध्यक्ष एवं श्री सईद की बेटी महबूबा मुफ्ती ने दक्षिण कश्मीर से 50 किलोमीटर दूर दारा शिकोह पार्क में अपने पिता की कब्र पर नम आंखों से फातेहा पढ़ा। रेलवे ने लोगों के अनंतनाग तक पहुंचने और दिवंगत नेता के चहर्रुम में शामिल होने के लिए छह अतिरिक्त ट्रेन चलाने की घोषणा की है। श्री सईद का गुरुवार को नई दिल्ली के एम्स में निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को दारा शिकोह पार्क में ही सुपुर्द ए खाक किया गया था।
चहर्रुम के मद्देनजर पार्क में तथा उसके आसपास सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किये गए हैं। रिपोर्टों के अनुसार कश्मीर घाटी और जम्मू के विभिन्न इलाकों से आज सुबह से लोग श्री सईद को फातेहा देने पार्क पहुंच रहे हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में पीडीपी नेताओं, विधायकों और अन्य पार्टियों के नेताओं ने श्री सईद को फातेहा दिया। किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए खोजी कुत्तों और मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली जा रही है तथा शार्प शूटरों को भी ऊंची इमारतों पर तैनात कर दिया गया है। सुश्री महबूबा मुफ्ती और अन्य पीडीपी नेता फातेहा पढ़ने के बाद श्री सईद के आधिकारिक आवास गुपकर लौट गए, जहां दोपहर को शोक सभा का आयोजन किया जाना है। सुरक्षा कारणों से गुपकर रोड़ पर यात्री वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है और वैध पास वाले वाहनों को वहां आने-जाने की अनुमति दी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें