बिहार : विवादास्पद टिप्पणी बिहार सरकार की वेबसाइट से हटायी गयी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 11 जनवरी 2016

बिहार : विवादास्पद टिप्पणी बिहार सरकार की वेबसाइट से हटायी गयी

remove-controvarsial-issues-on-bihar-government-web-site
पटना 11 जनवरी, बिहार सरकार ने कांग्रेस की आपत्ति के बाद पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के सम्बंध में विवादास्पद टिप्पणी अपनी वेबसाइट से हटा दी है । बिहार सरकार की वेबसाइट के स्टेट प्रोफाइल (परिचय) में बिहार के इतिहास का जिक्र करते हुए अन्य बातों के साथ उल्लेख किया गया था कि इमरजेंसी (आपातकाल) का विरोध करने पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण के साथ तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का बर्ताव अंग्रेजों के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ किये गये व्यवहार से भी खराब था। सरकारी वेबसाइट में जन नेता जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व वाले आंदोलन (1974) की चर्चा करते हुए बताया गया था कि कैसे इस आंदोलन को दबाने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके छोटे पुत्र संजय गांधी ने इमरजेंसी का सहारा लिया । इसमें यह भी लिखा गया था कि इमरजेंसी लागू होते ही तमाम आंदोलनकारी नेताओं को रातोंरात गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया । जेपी को तिहाड़ जेल में बंद कर दिया गया, जहां कई खूंखार अपराधी थे।

कांग्रेस ने जब सरकारी वेबसाइट पर पूर्व प्रधानमंत्री के सम्बंध में आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर विरोध किया तब उसे आज वेबसाइट से हटा दिया गया । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रेमचन्द्र मिश्रा ने वेबसाइट से आपत्तिजनक अंश को हटाने के निर्णय को सरकार का सराहनीय कदम बताया और इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने न सिर्फ कांग्रेसजनों की आहत भावना को समझा बल्कि स्व0 इंदिरा गांधी के प्रति आदर को भी फिर से प्रकट किया है । श्री मिश्रा ने कहा कि आपत्तिजनक टिप्पणी किस तरह से सरकार की वेबसाइट पर आयी इसकी जांच यदि मुख्यमंत्री करा लें तो ज्यादा बेहतर होगा । जिस वेबसाइट पर पूर्व प्रधानमंत्री के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी थी वह किसी पार्टी की नहीं बल्कि सरकार की है । उन्होंने कहा कि महापुरूषों के सम्बंध में ऐसी टिप्पणी किसी सरकारी वेबसाइट पर होना आश्चर्य की बात है । कांग्रेस नेता ने कहा कि श्री कुमार जिस तरह के व्यक्ति हैं उससे यह लगता है कि उनकी जानकारी के बगैर यह सब हुआ होगा । उन्होंने कहा कि श्री कुमार जिन दिनों बिहार में भारतीय जनता पार्टी :भाजपा: के साथ भी मिलकर सरकार चला रहे थे उस समय स्व0 इंदिरा गांधी का भव्य स्मारक बनाया गया और प्रतिमा लगायी गयी थी । कांग्रेस के लोग यह समझते हैं कि स्व0 गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 राजीव गांधी के प्रति श्री नीतीश कुमार का विशेष आदर का भाव रहा है । 

कोई टिप्पणी नहीं: