नयी दिल्ली, 17 मार्च , आतंकवाद और हिंसा के इस दौर में सूफीवाद को आशा की किरण करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि इस्लाम के इस उदारवादी चेहरे से मानवता को लंबे होते अंधेरे की छाया से बचाया जा सकता है। श्री मोदी ने यहां विश्व सूफी मंच के उद्घाटन सत्र में दुनियाभर से आए इस्लामी विद्वानों को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया इस समय मुश्किल दौर से गुजर रही है जब गलियों में बच्चों की किलकारियों को बंदूकों से चुप कराया जा रहा है तो सूफीवाद कराह रही मानवता को सुकून दे सकता है। सूफीवाद के लिए ईश्वर की सेवा से मतलब मानवता की सेवा है। यह ऐसे लोगों का सम्मेलन है जो शांति, सहिष्णुता और प्रेम में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि आप कई देशों से आए हैं और अलग-अलग संस्कृतियों से ताल्लुक रखते हैं लेकिन सूफीवाद के माध्यम से एक सूत्र में बंधें हैं। सूफीवाद सिखाता है कि सभी जीवों को ईश्वर ने बनाया है और हमें इन सबसे प्रेम करना चाहिए।
आतंकवाद की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसने दुनिया को बांटने और तबाह करने का काम किया है। उन्होंने कहा, “आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई किसी धर्म के साथ टकराव नहीं है और न ही ऐसा हो सकता है। विविधता प्रकृति की मूलभूत सच्चाई है और किसी भी समाज की समृद्धि का स्रोत है। यह किसी विवाद का कारण नहीं हो सकता है।” सूफीवाद को विविधता और बहुलवाद का जश्न बताते हुए श्री मोदी ने कहा कि बुल्ले शाह के शब्दों कहूं तो हर दिल में अल्लाह है। उनकी शिक्षाएं ज्यादा प्रासंगिक हो गयी हैं और यही प्रकृति की सच्चाई है। सूफीवाद शांति, सह अस्तित्व, करुणा और समानता की आवाज है तथा विश्व बंधुत्व का आह्वान करता है। भारत से आज सूफीवाद पूरी दुनिया में फैल चुका है। श्री मोदी ने कहा कि भारत के खुले माहौल और बहुलवाद में सूफीवाद पनपा। सूफीवाद भारत की आध्यात्मिक परंपरा में रम गया और उसने अपने अलग भारतीय मूल्य बनाये। हिंदुस्तान की शायरी में सूफीवाद का बहुत बड़ा योगदान है और भारतीय संगीत पर भी इसका गहरा प्रभाव है। हमारे सभी लोग हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध, पारसी, ईश्वर को मानने वाले और नहीं मानने वाले सभी भारत का अभिन्न हिस्सा हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आंतकवाद मानवीय मूल्यों और अमानवीय ताकतों के बीच संघर्ष है। आतंकवाद से केवल सैन्य, खुफिया और कूटनीतिक माध्यमों से नहीं लड़ा जा सकता है बल्कि इस पर हमे नैतिक मूल्यों और धर्मों के सच्चे संदेश के जरिए जीत पानी होगी। हमें सूफीवाद के संदेश को दुनिया के कोने कोने में फैलाना होगा जो इस्लाम के सिद्धांतों और उच्च मानवीय मूल्यों की बात करता है। श्री मोदी ने कहा कि नयी शताब्दी की शुरुआत ऐसे बदलाव की दहलीज पर हैं जो मानव इतिहास में कम ही देखने को मिला है। उन्होंने दुनियाभर से आये सूफी विद्वानों को आशा की किरण को बहाल करने और दुनिया को शांति के बगीचे में बदलने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी मिलकर हिंसा फैलाने वाली ताकतों को अपने प्यार और वैश्विक मानवीय मूल्यों से चुनौती दें। उन्होंने इस्लाम के पवित्र ग्रंथ कुरान की आयतों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि कोई किसी बेगुनाह का कत्ल करता है तो यह पूरी मानवता का कत्ल है और कोई एक व्यक्ति को बचाता है तो उसने पूरी मानवता को बचाया है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बाइबिल के साथ-साथ हजरत मोइनुद्दीन चिश्ती, जलालुद्दीन रूमी, कबीर, गुरुनानक देव, स्वामी विवेकानंद, भगवान बुद्ध और महावीर तथा महात्मा गांधी की शिक्षाओं का भी उल्लेख किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें