श्रीनगर 06 अप्रैल, जम्मू कश्मीर के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में छात्रों के बीच तनाव और झड़प के बाद भी स्थिति को सामान्य बताने पर उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री आैर नेशनल कांफ्रेस (नेकां) के कार्यकारी अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि वहां सीआरपीएफ की दो कंपनियो की तैनाती कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। डा. सिंह ने कहा था कि एनआईटी में हालात अब सामान्य है जिस पर वहां के छात्रों और अभिभावकों ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने ट्वीट किया था, “ वहां सीआरपीएफ की दो कंपनियां तैनात है और हालात अब सामान्य है।” श्री अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, “ एनआईटी परिसर में सीआरपीएफ की दो कंपनियों की तैनाती को देखते हुए कहीं से भी हालात को सामान्य नहीं कहा जा सकता।”श्री अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री से डा. सिंह काे बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा, “ मोदी जी निर्मल सिंह को बर्खास्त कीजिए। हमने ऐसे दिन देखने के लिए वाेट नहीं दिया था। अगर कार्रवाई नहीं होती है तो खामियाजा भुगतने के लिए तैयार रहे।” एक अन्य ट्वीट में श्री अब्दुल्ला ने कहा, “ सचमुच? सामान्य? छात्रों के परिसर में सुरक्षाबलाें की तैनाती सामान्य स्थिति कैसे है? यह बुरे समय का संकेत है।”
पुलिस के प्रवक्ता ने कल रात बताया कि एनअाईटी के लगभग 500 छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे और उन्होंने परिसर के गेट से बाहर निकलकर मुख्य मार्ग पर आने की कोशिश की। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने छात्रों को बाहर आने से रोका जिस पर छात्र उग्र होकर पुलिसकर्मियों से उलझने लगे और इसके बाद छात्रों ने पथराव शुरु कर दिया जिससे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने छात्रों का पीछा किया जिसमें कुुछ छात्र घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में निगीन थाने में मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है। स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच कर स्थिति का मुआयना कर रहे है। एनआईटी परिसर में छात्रों केे बीच विवाद तब शुरु हुआ था जब परिसर में कुछ स्थानीय छात्र टी-20 क्रिकेट विश्वकप में वेस्टइंडीज से भारत की हार के बाद पटाखे फाेड़ने लगे जिसका दूसरे राज्यों के छात्रों ने विरोध किया। अगले दिन विवाद बढने के बाद दूसरे राज्यों के छात्रों ने कथित रूप से स्थानीय छात्रों को पीट दिया जिसके बाद परिसर में तनाव और बढ गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें