श्रीनगर 06 अप्रैल, जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा सीमावर्ती जिले और पुलवामा में आज सुबह आतंकवादियों के खिलाफ अभियान फिर शुरू कर दिया गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पुलवामा में कल शाम हुई मुठभेड में अब तक एक स्थानीय आतंकवादी बिलाल अहमद बट्ट मारा गया है जबकि कुपवाडा में हुई गोलीबारी में किसी के हताहत होने कोई रिपोर्ट नहीं है। इस बीच अधिकारियों ने पुलवामा जिले के कुछ भागों में कर्फ्यू जैसी पाबंदियां लगा दी है। पुलवामा में मुठभेड के तुरन्त बाद लोग सड़कों पर उतर आये थे। सूत्रों ने बताया कि अंधेरे के कारण कल रात अभियान को रोक दिया गया था जिसे सुबह पुलवामा के गाडोरा में फिर शुरू किया गया है। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक अभियान जारी था।
मुठभेड में अब तक हिज्बुल मुजाहिदीन का एक आतंकवादी मारा गया है और एक या दो आतंकवादियों की तलाश की जा रही है। कुपवाडा जिले के लोलाब में भी व्यापक तलाशी अभियान चल रहा है। आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में एक गोपनीय सूचना मिलने के बाद क्षेत्र को सील कर दिया गया था और इस दौरान आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ भी हुई थी। सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों की तलाश के लिए पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया है और सुरक्षा बल चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रहे है ताकि आतंकवादी बचकर न न भाग सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें