लखनऊ 06 अप्रैल, अपना दल ने 2017 में होने वाले उत्तर प्रदेश राज्य विधानसभा के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से 150 सीटेां की मांग की। अपना दल की अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पटेल ने आज यहां कहा कि उनकी पार्टी राज्य विधानसभा के चुनाव में 150 सीटों पर अपने प्रत्याशी मैदान में उतारने की तैयारी में जुटी है। अपना दल ने 2014 का लोकसभा चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लडा था। उन्होंने कहा, “अगर भाजपा हमें 150 सीटें देने को सहमत नहीं होती तो पार्टी उचित फैसला लेगी। हम अभी भाजपा के साथ गठबन्धन में हैं।” श्रीमती पटेल ने दावा किया कि हाल में उनको बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने मुलाकात के लिए आमंत्रित किया था। उन्होंने इस दौरान हुई बातचीत का कोई ब्यौरा तो नहीं दिया लेकिन कहा कि वह बिहार के मुख्यमंत्री के प्रस्ताव से सहमत नहीं थीं।
अपनादल अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि उनकी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रचार की कमान सम्हालने वाले चुनाव रणनीतिज्ञ प्रशान्त किशोर से कोई बातचीत नहीं हुई। गौरतलब है कि अपना दल का पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुर्मी बिरादरी के बीच ब्यापक आधार है। उत्तर प्रदेश के अन्य पिछडे वर्गो में कुर्मी बिरादरी का शुमार सबसे बडे गुटों में होता है। श्रीमती पटेल और उनकी मिर्जापुर से सांसद बेटी अनुप्रिया के बीच पार्टी पर नियंत्रण के लिए अदालत में मुकदमा चल रहा है। श्रीमती पटेल ने कहा कि उन्होंने आगामी विधानसभा के चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के अावेदन स्वीकार करना शुरु कर दिया है। उन्होंने 2014 में अपनी बेटी अनुप्रिया काे पार्टी से निष्कासित करने का दावा किया था जिससे पार्टी के दो गुट अस्तित्व में आ गये। श्रीमती पटेल की बडी बेटी पल्लवी पटेल पार्टी की उपाध्यक्ष हैं, इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था के विरोधस्वरुप तथा किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर पार्टी कल लखनऊ में धरना आयोजित करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें