नयी दिल्ली, 06 अप्रैल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 36वें स्थापना दिवस की बधाई देते हुए आज कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से अरुणाचल प्रदेश तक लोगों ने भाजपा में अपना विश्वास दिखाया है और उन्हें लगता है कि यह पार्टी उनके सपनों को पूरा कर सकती है। श्री मोदी ने ट्वीट किया, “भाजपा के स्थापना दिवस पर मैं उन करोड़ों कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं जिन्होंने पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ पार्टी की सेवा की है। देश के लिए प्यार और देश को उन्नति की नयी ऊंचाई पर पहुंचाने की भावना के साथ कार्यकर्ताओं की कई पीढ़ियों ने अपना सर्वस्व पार्टी के लिए न्यौछावर किया है।”
उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से अरुणाचल प्रदेश तक लोगों ने भाजपा में अपना विश्वास जताया है वे भाजपा को एक ऐसी पार्टी के रूप में देखते हैं जो उनके सपनों को पूरा कर सकती है। जहां भी भाजपा ने सरकार बनायी है वहां उन्होंने अनुकरणीय काम किया है। भाजपा को अपने कर्मयोगी मुख्यमंत्रियों पर गर्व है जो कई राज्यों में अपनी सेवायें दे रहे हैं। श्री मोदी ने कहा, “मैं भाजपा कार्यकर्ताओं को लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और समाज सेवा की निष्काम यात्रा को जारी रखने के लिए बधाई देता हूं।”

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें