नयी दिल्ली, 04 अप्रैल, जल संसाधन और नदी विकास मंत्री उमा भारती ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के काम की जमकर प्रशंसा करते हुए आज कहा कि वह उनसे बेहतर मुख्यमंत्री हैं। सुश्री भारती ने यहां विज्ञान भवन में पांच दिवसीय ‘भारत जल सप्ताह ’ के उद्घाटन के मौके पर कहा कि श्री सिंह ने मध्यप्रदेश में उल्लेखनीय काम किया है और उनके काम से भारत ही नहीं पूरी दुनिया को सीखने और समझने को मिलेगा। गौरतलब है कि सुश्री भारती अाठ दिसम्बर 2003 में मध्य प्रदेश की पहली मुख्यमंत्री बनी और 23 अगस्त 2004 तक इस पद पर रहीं। जल सप्ताह के आयोजन में जल संकट का सामने करने वाले मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना सहित कई अन्य सहयोगी राज्य है।
श्री चौहान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा मध्य प्रदेश ने कृषि क्षेत्र में अभूतपूर्व तरक्की की है और उनकी सरकार को कुछ वर्षाें से लगातार कृषि उत्पादन में देश का पहला पुरस्कार मिल रहा है। मंच से ही उन्होंने कृषि मंत्री राधामोहन सिंह से कहा कि इस बार भी उनकी सरकार ने इस क्षेत्र में और बेहतर काम किया है इसलिए इस बार का पुरस्कार भी मध्य प्रदेश को ही मिलना है। इजरायल जल सप्ताह में सहभागी राष्ट्र है। इजरायल में बड़ा जल संकट है और वहां की सरकार ने तकनीकी का इस्तेमाल करके कम से कम जल का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करके जल संचयन का उचित प्रबंधन किया है। जल संरक्षण और इसके प्रबंधन में इजरायल की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में वह इजरायल को अपना गुरु मानती हैं और उससे जल प्रबंधन की तकनीक को सीखने के लिए जल्द ही इजरायल भी जा रही हैं। इजरायल के कृषि मंत्री ने कहा कि उनके यहां 70 फीसदी पानी का दोबारा इस्तेमाल किया जाता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें