जम्मू 04 अप्रैल, जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस ने मोदी नीत केंद्र सरकार की ओर से कांग्रेस शासित राज्यों की सरकारें अलोकतांत्रिक तरीके से गिराये जाने के विरोध में आज पीडीपी -भाजपा मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया । पार्टी अध्यक्ष जी ए मीर ने यूनीवार्ता को बताया कि नरेंद्र मोदी नीत केंद्र की भाजपा सरकार ने अरूणाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कांग्रेस की निर्वाचित सरकारों को अलोकतांत्रिक तरीके से गिराकर तानाशाही का नंगा नाच किया है । भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को नष्ट कर रही है । इसके विरोध में पार्टी ने शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया है। श्री मीर ने कहा कि जहां तक जम्मू कश्मीर का सवाल है तो पीडीपी को इस बात का जवाब देना होगा कि उसने करीब तीन माह तक रियासत की जनता को सरकार से क्यों वंचित रखा ।
दरअसल भाजपा और पीडीपी परस्पर विपरीत राजनीतिक विचारधारा की हैं । दोनों ने सिर्फ सत्ता की लालच में गठबंधन किया है जो ज्यादा समय तक चलने वाला नहीं है । श्री मीर ने बताया कि कांग्रेस ने अपनी सरकारें गिराये जाने के विरोध में आज देशव्यापी धरना -प्रदर्शन का आयोजन किया है लेकिन संवैधानिक मूल्यों और जनाकांक्षाओं का सम्मान करते जम्मू कश्मीर में यह प्रदर्शन टाल दिया गया है । उन्होंने कहा कि कांग्रेस जम्हूरियत में भरोसा रखती है इसलिए उसने निर्वाचित सरकार के संवैधानिक दायित्व को पूरा करने में बाधा न डालने की मंशा से कार्यक्रम को टाला है । श्री मीर ने बताया कि स्वयं उन्हें और कांग्रेस के विधायकों और विधान परिषद के सदस्यों को समारोह में शामिल होने का न्यौता मिला था ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें