कोलकाता,गुवाहाटी 04 अप्रैल, पश्चिम बंगाल और असम में आज हुए पहले चरण के विधानसभा चुनाव में भारी संख्या में लोगों ने मतदान किया। पश्चिम बंगाल में मतदान समाप्त होने के समय तक 81 प्रतिशत से अधिक और असम में 75 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। दोनों राज्यों में मतदान प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है। पहले चरण के मतदान में लगभग डेढ़ करोड़ मतदाताओं ने आज लगभग 700 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद कर दिया। दोनों राज्यों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 18 विधानसभा क्षेत्रों में आज मतदान हुआ। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सुबह सात बजे पश्चिम मेदिनीपुर,बांकुरा और पुरुलिया जिले के कुछ हिस्सों में शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली । हांलाकि वाम मोर्चे और कांग्रेस गठबंधन ने बांकुरा और पश्चिमी मेदिनीपुर जिलों में कई मतदान केंद्रों पर फर्जी मतदान किये जाने का आरोप लगाया है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने दो मतदान केंद्रों पर कब्जा किये जाने का आरोप लगाया है लेकिन जिलाधिकारी ने इसका खंडन किया है। चुनाव आयोग के मुताबिक उन्हें विभिन्न अनियमितताओं की लगभग 500 शिकायतें मिली हैं। असम में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 65 सीटों पर हुए मतदान में 75 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नितिन खाडे ने बताया कि मतदान का समय समाप्त होने तक 75.68 प्रतिशत वोट पड़े लेकिन कुछ मतदान केंद्रोंं से अभी वोट के आंकड़े नहीं आये हैं और साथ ही कुछ मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें लगी हैं, जिससे मतदान प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान आम तौर पर शांतिपूर्ण रहा। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें