नयी दिल्ली,18 अप्रैल, स्टार जिमनास्ट और ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता दीपा करमाकर ने इतिहास रचते हुये रियो ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया है और वह अगस्त में होने वाले इन खेलों का टिकट कटाने वाली देश की पहली महिला जिमनास्ट बन गई हैं। दीपा ने ओलंपिक आयोजन स्थल ब्राजील के रियो डी जेनेरो में हुये आखिरी क्वालिफायर तथा ओलंपिक टेस्ट इवेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुये महिला आर्टिस्ट जिमनास्ट वर्ग में नौंवां स्थान हासिल किया। त्रिपुरा की रहने वाली 22 वर्षीय दीपा ने कुल 52.698 अंक अर्जित किए। वह इस वर्ग में नौवें स्थान पर रहीं। भारतीय जिमनास्ट ने सबसे मुश्किल माने जाने वाला प्रोडुनोवा वॉल्ट में 15.066 अंक अर्जित किये जो प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे 14 जिमनास्टकों में यह सबसे ज्यादा स्कोर था। लेकिन अनइवन बार पर उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा, जिसके कारण वह केवल 11.700 अंक ही ले सकीं जो बाकी प्रर्तिस्पर्धियों में निराशाजनक स्कोर था। हालांकि फिर दीपा ने बीम और फ्लोर एक्सरसाइज में 13.366 और क्रमश: 12.566 अंक जुटाए। इसी के साथ ही, उनकी सीट ओलिंपिक के लिए पक्की हो गई।
उल्लेखनीय है कि ओलिंपिक में क्वालिफाई करने के लक्ष्य से दीपा पिछले 15 दिनों से यहां के इंदिरा गांधी स्टेडियम में अपनी तैयारियों को अंजाम दे रही थीं। इससे पहले गत नवंबर में विश्व चैंपियनशिप में पांचवां स्थान हासिल करते हुये वह ओलंपिक के लिये क्वालिफाई करने से चूक गयी थीं। रियो ओलंपिक में जगह बनाने वाली पहली महिला जिमनास्ट होने के साथ ही वह ओलंपिक खेलों में 52 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद क्वालिफाई करने वाली पहली भारतीय भी बन गई हैं। आजादी के बाद से केवल 11 पुरूष जिमनास्टों ने ही ओलंपिक में हिस्सा लिया हैं इसमें वर्ष 1952 ओलंपिक में दो, 1956 में तीन और 1964 में छह जिमनास्टों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था। लेकिन यह पहला मौका है जब कोई महिला जिमनास्ट इन खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें