नयी दिल्ली, 07 अप्रैल, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने प्रदूषण कम करने के लिए दिल्ली सरकार की सम-विषम योजना को सतही उपाय बताते हुए आज कहा कि इसके लिए मोदी सरकार ने दीर्घकालिक उपाय किया है। श्री जावड़ेकर ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि हर सरकार को अपने निर्णय लेने की आजादी है लेकिन मोदी सरकार ने देश में 90 प्रतिशत प्रदूषण कम करने का जो स्थायी उपाय किया है वह देश के लिए ज्यादा महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार ने ईंधन को साफ सुथरा बनाने और 2020 से देश में वाहनों के लिए भारत स्टेज -छह मानक लागू करने का फैसला किया है। इसके लिए 60 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार ने एक से 15 जनवरी तक राजधानी में सम-विषम योजना लागू की थी और इसे 15 से 30 अप्रैल से इसे फिर से लागू करने की योजना है। दिल्ली की केजरीवाल सरकार इसे बेहद सफल योजना बता रही है। श्री जावड़ेकर ने कहा कि राज्य सम-विषम जैसी योजना लागू कर सकते हैं लेकिन आईआईटी की हाल में आयी रिपोर्ट में कहा गया है कि सम-विषम से बहुत ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण कम करने के लिए केंद्र सरकार की योजना को अमली जामा पहनाने में तीन साल लगेंगे। इसके लिए तेल कारखानों में बदलाव आएगा। देश में भारत स्टेज -छह का ईंधन और वाहन मिलेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें