नयी दिल्ली 05 अप्रैल, देश की सबसे तेज़ गति से चलने वाली ट्रेन 12050 अप/ 12049 डाउन ‘गतिमान एक्सप्रेस’ राजधानी दिल्ली और सैलानियों के सबसे पसंदीदा गंतव्य आगरा के बीच आज से दौड़ने लगी। रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु ने सुबह 10 बजे हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन के नवीकृत परिसर एवं आगरा स्टेशन पर आईआरसीटीसी के एग्जिक्यूटिव लाउँज के उद्घाटन के साथ ही गतिमान एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इसके साथ ही भारतीय रेलवे ने इतिहास के एक नये अध्याय में प्रवेश किया। हज़रत निजामुद्दीन स्टेशन पर आयोजित उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री प्रभु ने घोषणा की कि रेलवे का मिशन स्पीड भी आज से शुरू हो गया है और अब देश की सभी पैसेंजर, मेल-एक्सप्रेस, सुपरफास्ट, शताब्दी राजधानी दूरंतो आदि गाड़ियों की रफ़्तार भी बढ़ायी जायेगी। उन्होंने कहा कि रेलवे ने गति बढ़ाने की योजना के अंतर्गत 2020 तक सभी गाड़ियों की वास्तविक एवं औसत गति बढ़ जायेगी।
इस माैके पर पूर्वी दिल्ली के सांसद महेश गिरि ने माँग की कि हज़रत निजामुद्दीन और आनंद विहार स्टेशन के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे को ‘स्मार्ट एरिया’ के रूप में विकसित करके इस इलाके में यातायात जाम एवं अतिक्रमण की समस्या का समाधान किया जाये। कार्यक्रम में दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के महापौर सुभाष आर्य, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ए के मित्तल और उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ए के पूठिया भी मौजूद थे। यह ट्रेन हज़रत निजामुद्दीन से आगरा के बीच 192 किलोमीटर की दूरी 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की अधिकतम गति से तय करके एक घंटा 40 मिनट यानी सौ मिनट में आगरा पहुँचेगी। ट्रेन में सामान्य एलबीएच कोच होंगे और इंजन डब्ल्यू ए पी -5 होगा जिसकी क्षमता 5500 हॉर्सपॉवर है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें