आसनसोल,07 अप्रैल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस(टीएमसी) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुये आज कहा कि टीएमसी मतलब आतंकवाद,मौत और भ्रष्टाचार है। श्री मोदी ने आज यहां चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ ममता सरकार आतंकवाद,मौत और भ्रष्टाचार का पर्याय बन गयी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने शारदा चिटफंड घोटाला करके गरीब जनता का पैसा लूटा है अौर उससे मजा उड़ा रहे हैं ,एेसे लोग नाकारा नेता हैं और उन्हें सत्ता से तत्काल हटा देना चाहिए।” उन्होंने कहा कि शारदा चिटफंड घोटाले में लिप्त और गरीब जनता की पूंजी पर खुलकर मौज उड़ाने वालों को जेल के अंदर होना चाहिए।
श्री मोदी ने कहा ,“ पिछले चुनाव में हम सुनते थे कि मां,माटी और मानुष जबकि पिछले पांच वर्षों में लोंगों को सिर्फ मौत ही सुनाई दी। इसके अलावा राज्य सरकार ने सुनियोजित तरीके से भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है और हम इसके खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे।” नारदा स्टिंग आपरेशन का जिक्र करते हुये श्री मोदी ने कहा कि जो लोग मां,माटी और मानुष की बात करते थे वे अब जनता का धन लूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोलकाता फ्लाईओवर हादसा दैविक संदेश है कि लोग राज्य को तृणमूल कांग्रेस से बचायें। उन्होंने कहा कि लोगों से कहा कि वामपंथ और दक्षिण पंथ को भूल जाइये और उनकी चिंता कीजिये जो मर रहे हैं।
श्री मोदी ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुये कहा कि विवेकानंद फ्लाईओवर हादसा एक बड़ा हादसा था लेकिन इसका कारण ढूंढने की बजाय एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया। श्री मोदी ने कहा कि बंगाल की जनता को पिछले 34 वर्ष के वाम मोर्चे के शासन के दौरान कुछ नहीं मिला और अब सत्तारूढ़ पार्टी भी पिछली सरकार की नीतियों को ही दोहरा रही है। राज्य की जनता अब दोनों पार्टियों से निजात चाहती है। उन्होंने केन्द्र सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि इस अवधि में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है और केवल भाजपा ही अच्छा शासन दे सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें