रियाद, 03 अप्रैल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत और सऊदी अरब से साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में मिलकर काम करने की आज अपील की। श्री मोदी ने सऊदी अरब में 30 मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और भारतीय कारोबारियों से बातचीत के दौरान कहा, “उर्वरक, भंडारण, शीतगृह संयंत्र एवं कृषि के क्षेत्र में सऊदी का निवेश सिर्फ फायदे की भागीदारी है और यह सऊदी अरब के लिए अच्छी गुणवत्ता के खाद्य उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करता है।” प्रधानमंत्री ने भारत-सऊदी अरब आर्थिक संबंधों को आयात-निर्यात से आगे बढ़ाकर तकनीकी हस्तांतरण एवं संयुक्त निवेश तक बढ़ाने की भी अपील की। उन्होंने सऊदी अरब के निवेशकों को आश्वस्त किया कि प्रतिकूल करतंत्र अब बीती बात हो गयी है और उनकी सरकार आकलन योग्य कर प्रणाली में विश्वास करती है। श्री मोदी ने स्वास्थ्य क्षेत्र के बारे में कहा कि चिकित्सकीय उपकरणों के विनिर्माण में निवेश की शानदार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि भारत का स्वास्थ्य क्षेत्र, जो वैश्विक स्तर पर खर्च के मामले में काफी प्रतिस्पर्धी है, स्वास्थ्य पर्यटन में काफी संभावनाएं रखता है।
भारतीय नर्सें अभी भारी संख्या में खाड़ी देशों में मौजूद हैं और यह हमारे बेहतरीन रूप से प्रशिक्षित श्रम शक्ति का सबूत है। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने विकास को तेज करने तथा लोकतंत्र, जनसांख्यिकी एवं मांग के अनोखे संगम को उभारने के लिए पिछले दो साल में नीतिगत रूप से शुरुआत की है। उन्होंने भारत और सऊदी अरब को ‘पुराना दोस्त’ बताते हुए कहा कि दोनों देश सुनहरे भविष्य के लिए बड़े कदम उठाने को तैयार हैं। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों की मजबूती पर जोर देते हुए याद दिलाया कि सऊदी अरब के शाह किंग सलमान को एक भारतीय शिक्षक ने पढ़ाया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें