राष्ट्रीय ध्वज की जगह केसरिया फहराना चाहता है भाजपा और संघ : लालू - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 3 अप्रैल 2016

राष्ट्रीय ध्वज की जगह केसरिया फहराना चाहता है भाजपा और संघ : लालू

lalu on rss about tri color flag
पटना 03 अप्रैल, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयं सेवक (आरएसएस) राष्ट्रीय ध्वज की जगह केसरिया झंडा फहरा कर देश को टुकड़े-टुकड़े में बांटने की साजिश में लगा है , लेकिन उनकी पार्टी के रहते यह मंसूबा कभी पूरा नहीं होने वाला । श्री यादव ने यहां पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी के दस सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पर पार्टी के नव गठित प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा और आरएसएस का चरित्र शुरु से ही दलित और अल्पसंख्यक विरोधी रहा है। उन्होंने कहा कि देश में रह रहे विभिन्न धर्म के लोगों को उकसाने का प्रयास किया जा रहा है। राजद अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा और संघ देश के राष्ट्रीय ध्वज की जगह केसरिया झंडा फहराना चाहते है । उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भाजपा ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ यदि ऐसा कुछ छेड़छाड़ किया तो पार्टी किसी भी तरह की कुर्बानी देने के लिए तैयार है। राष्ट्रीय ध्वज के साथ किसी भी तरह का छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा । 

श्री यादव ने कहा कि भाजपा और संघ ..जन गण मन.. पर भी आशंका जता रहे है । नस्ल और धर्म के नाम पर देश को बांटने की साजिश की जा रही है । उन्होंने कहा कि भाजपा और संघ को देश से कभी प्यार रहा ही नहीं है। संविधान निर्माता बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर को भी अपमानित करने का काम भाजपा ने किया है। राजद अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान जो लोगों से अच्छे दिन लाने का वादा किया था वह अभी तक पूरा नहीं हो सका है । न तो काला धन लाया गया और न ही बेरोजगारों को नौकरियां उपलब्ध करायी गयी। इसी तरह लोगों के खाते में पन्द्रह -पन्द्रह लाख रुपये जमा करने का वादा भी किया गया था जो पूरा नहीं हो सका है । श्री यादव ने कहा कि देश में आज लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है । यह सब भाजपा के अशुभ पदार्पण से हुआ है और इसी का नतीजा है कि देश में अनुपात में बारिश नहीं हुयी है । उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। देश की मूल समस्या से लोगों का ध्यान हटाने के उद्देश्य से ही भाजपा और संघ परिवार काम कर रहा है। 

राजद अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में महागठबंधन की सरकार ने सात निश्चय लिया है जिनमें लोगों को पेयजल की सुविधा देना शामिल है । इसके लिए सरकार की ओर से कई कार्य किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा से मां गंगा भी नाराज हो गयी हैं और अब प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में ही गंगा सूख गयी हैं । श्री यादव ने कहा कि कश्मीर में भारत के खिलाफ कभी भी न नारा लगा और न ही पाकिस्तान का झंडा फहराया गया । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के दौरान कश्मीर में पाकिस्तान का झंडा फहराया गया और देश के खिलाफ नारेबाजी भी की गयी । भारत माता की जय बोलने के मामले में उन्होंने कहा कि इस तरह की बातों पर नोटिस लेने की जरुरत नहीं है। भाजपा जानबूझ कर ऐसा करवाती है । राजद अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में शराबबंदी को आंदोलन के रुप में लोगों ने लिया है और इसके परिणाम भी दिखायी पड़ रहे है। शराब से गरीब तबके के लोग अधिक प्रभावित होते थे । उन्होंने एक सवाल के जबाव में कहा कि ताड़ी पर प्रतिबंध लगाये जाने के मामले को सरकार देखेगी । नशा में ताड़ी भी आता है। उन्होंने कहा कि ताड़ी में लोग कुछ मिलाकर पीते है जो स्वास्थ्य के लिये खतरनाक है। श्री यादव ने कहा कि पार्टी के प्रदेश कार्यकर्ताओं की बैठक में यह निर्देश दिया गया है कि भाजपा और संघ के नापाक इरादों को लोगों के बीच बेनकाब करे और उसे यह बतायें कि देश को तोड़ने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के बाद बड़े पैमाने पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक की जायेगी जिसमें आगे की रणनीति तय होगी। 

कोई टिप्पणी नहीं: