पटना,19 अप्रैल, बिहार में सत्तारुढ़ महागठबंधन के सबसे बड़े घटक राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने आज कहा कि मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाईटेड(जद-यू)के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार की बढ़ रही लोकप्रियता कुछ राजनीतिक दलों को पच नहीं है और उनके(श्री कुमार) प्रधानमंत्री की दौड़ में राजद का पूरा सहयोग रहेगा। श्री यादव ने दिल्ली रवाना से पूर्व यहां कहा कि श्री कुमार के जद-यू की कमान संभालने के बाद से विरोधियों में खलबली मच गयी है और उनकी तारीफ वे पचा नहीं पा रहे हैं ।उन्होंने कहा कि श्री कुमार के कामों की सब जगह प्रशंसा हो रही है और वह राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका निभाने के लिये तैयार हैं जिससे विरोधियों को लगने लगा है कि कहीं वह प्रधानमंत्री न बन जायें ।
श्री यादव ने एक सवाल के जवाब में अपने खास अंदाज में कहा “नीतीश कुमार अगले प्रधानमंत्री होंगे और राजद हमेशा उनके साथ खड़ा है।” राजद अध्यक्ष ने श्री कुमार की राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर की गयी टिप्पणी को सही ठहराते हुए कहा कि सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को संघ के खिलाफ एकजुट होना होगा । उन्होंने आरोप लगाया कि संघ देश तोड़ने की तैयारी में है ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें