नीतीश को राष्ट्रीय राजनीति में आने से पहले मुख्यमंत्री पद छोड़ देना चाहिए : सुशील मोदी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 19 अप्रैल 2016

नीतीश को राष्ट्रीय राजनीति में आने से पहले मुख्यमंत्री पद छोड़ देना चाहिए : सुशील मोदी

nitish-should-resign-before-come-in-national-politics-sushil-modi
पटना,19 अप्रैल, बिहार भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाईटेड(जदयू) के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार को राष्ट्रीय राजनीति में उतरने से पहले उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री की गद्दी सौंपने की सलाह दी है । भाजपा विधानमंडल दल के नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि महागठबंधन के घटक राष्ट्रीय जनता दल(राजद)को जदयू से अधिक सीटें मिली है और इस नाते राजद का मुख्यमंत्री के पद पर दावा भी बनता है। उन्होंने कहा कि राजद का बड़ा घटक दल होने के नाते श्री कुमार को राष्ट्रीय राजनीति में कूदने से पहले उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव या स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव को मुख्यमंत्री की गद्दी सौप देनी चाहिए । श्री मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा का खामियाजा बिहार को भुगतना पड़ रहा है । श्री कुमार के जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद से बिहार में कानून-व्यवस्था की हालत बद से बदतर हो गयी है । उन्होंने कहा कि श्री कुमार को जनादेश बिहार की चिंता करने के लिये मिला है लेकिन वह राष्ट्रीय राजनीति के लिये मशक्कत करने में लगे हैं । 

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कुमार न तो बिहार पर ध्यान दे पा रहे हैं और न ही राष्ट्रीय राजनीति में खुलकर उतर पा रहे हैं । इसी चक्कर में प्रदेश में कानून-व्यवस्था की हालत खराब हो गयी है । उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि श्री कुमार मुख्यमंत्री कुर्सी महागठबंधन के घटक को सौप दें । श्री मोदी ने कहा कि पटना जिले के मोकामा में कल जहां दारोगा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गयी वहीं छपरा व्यवहार न्यायालय परिसर में बम विस्फोट की घटना हुयी । इस मामले में पटना उच्च न्यायालय ने स्वत: संज्ञान लेकर सरकार से जवाब तलब किया है । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूर्ण शराबबंदी के बाद अपराध घटने का दावा कर रहे हैं जबकि बेखौफ अपराधी एक के बाद एक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं । पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की पुलिस यह समझ नहीं पा रही है कि वह पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद कैसे कड़ाई से पेश आये या अपराध पर नियंत्रण के लिये किस तरह से कदम उठाया जाये । कुछ दिन पूर्व ही पटना में दिनदहाड़े दवा व्यवसायी की हत्या कर दी गयी । उन्होंने कहा कि इन सबके बावजूद श्री कुमार यह कह रहे हैं कि शराबबंदी के बाद बिहार में अपराध कम हुये हैं । महागठबंधन की सरकार बनने के बाद कानून- व्यवस्था की स्थिति बदतर होती जा रही है । 

श्री मोदी ने कहा कि पूरे देश में बिहार की नकारात्मक छवि बनी है और सुशासन समाप्त हो गया है । उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने वर्ष 2012 में गुटखा पर रोक लगायी और इसके बाद वर्ष 2014 में सुगंधित सुपारी,तम्बाकू और जर्दा और पान मसालों पर भी रोक लगा दी लेकिन आज धड़ल्ले से यह बिक रहा है । उन्होंने कहा कि सरकार को खैनी , बीडी और सिगरेट जो मुंह के कैंसर का सबसे बड़ा कारण है उस पर भी रोक लगाने पर विचार करना चाहिए । पूर्व उप मुख्यमंत्री ने श्री कुमार के संघमुक्त भारत के बयान पर कहा कि वह सिद्धांतहीन एवं अवसरवादी राजनीति कर रहे हैं । संघ वही है और भाजपा भी वही है । उन्होंने कहा कि श्री कुमार भाजपा के साथ 17 वर्षों तक रहे और तब उन्हें संघमुक्त भारत का कभी ख्याल नहीं आया । उन्होंने कहा कि भाजपा के सहयोग से केन्द्र में रेल मंत्री और बिहार में तीन बार मुख्यमंत्री बने तब भी उन्हें यह ख्याल नहीं आया । श्री मोदी ने कहा कि सच्चाई यह है कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और श्री कुमार में होड़ मची है । जिस तरह से राजद अध्यक्ष श्री यादव की कोई भी बात संघ की चर्चा किये बिना पूरी नहीं होती है उसी तरह से श्री कुमार भी इन दिनों संघ मुक्त भारत की बात कर श्री यादव से आगे निकलना चाहते हैं । 

कोई टिप्पणी नहीं: