नयी दिल्ली /आगरा, 05 अप्रैल, देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन ‘गतिमान एक्सप्रेस’ आज आगरा से वापसी में भी ठीक सौ मिनट में दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंची। एक सौ साठ किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चलने वाली 12049 डाउन ‘गतिमान एक्सप्रेस’ आगरा छावनी स्टेशन से शाम पांच बजकर 52 मिनट पर रवाना हुई और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सात बजकर 32 मिनट पर पहुंची। भारतीय रेलवे ने गतिमान एक्सप्रेस में खानपान व्यवस्था को हवाई जहाज के अनुरूप बनाने की कोशिश की है। आईआरसीटीसी ने इस गाड़ी में भारतीय तथा कंटीनेंटल व्यंजनों की एक श्रृंखला पेश की है जिसे एयर एशिया और जेट एयरवेज में भोजन देने वाली कंपनी टीएफएस को अनुबंधित किया है।
इसमें एयर होस्टेज ट्राली के माध्यम से लोगों को खाना परोसा जाएगा। नई दिल्ली - अमृतसर स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस की एग्जीक्यूटिव श्रेणी में भी ट्रेन होस्टेस चलतीं हैं। रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु ने सुबह 10 बजे दिल्ली के हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर एक समारोह में गतिमान एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और भारतीय रेलवे के मिशन स्पीड के आरंभ होने की घोषणा की। श्री प्रभु ने इसी मौके पर हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन के नवीकृत मुख्य परिसर एवं रिमोट कंट्रोल के जरिये आगरा स्टेशन पर आईआरसीटीसी के एग्जिक्यूटिव लाउंज का उद्घाटन भी किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें