नयी दिल्ली,07अप्रैल, भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने कहा है कि इसमें कोई संदेह नहीं उनका मुल्क भारत के साथ शांतिपूर्ण रिश्ते चाहता है लेकिन पठानकोठ हमले के बाद से यह प्रक्रिया स्थगित हो गई है। श्री बासित आज यहां संवाददाताओं से कहा ‘‘मुझे लगता है कि इस समय शांति प्रक्रिया निलंबित है। दोनों देशो के विदेश सचिवों के बीच बैठक का फिलहाल कोई कार्यक्रम तय नहीं है। देखते हैं कि यह संवाद प्रक्रिया कब शुरु हो पाती है। ” पठानकोठ हमले की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी की टीम को पाकिस्तान बुलाने की अनुमति के सवाल पर उन्होंने पहले के रुख से पलटते हुए कहा कि यह मामला बराबरी की लेन देन की यात्रा का नहीं बल्कि जांच में परस्पर सहयोग का है ताकि घटना की तह तक पहुंचा जा सके।
पाकिस्तानी उच्चायुक्त ने कहा कि दोनों देशों के बीच स्थायी शांति का कोई ‘शॉर्ट कट’ नहीं है। इसके लिए एक दूसरे की संप्रभुता का सम्मान करते हुए सतत,व्यापक और गंभीर प्रयास करने होंगे। सच्चाई यह है कि इस रास्ते में कश्मीर विवाद मूल बाधा है। जम्मू कश्मीर की जनता की आकांक्षाओं के अनुरुप इसका समाधान होना चाहिए। इसकी अनदेखी के दुष्परिणाम होंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें