मुंबई, 02 अप्रैल, टेलीविजन अभिनेत्री प्रत्यूषा के प्रेमी राहुल राज सिंह ने आज पुलिस को बताया कि वे परिणय सूत्र में बंधने की योजना बना रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार राहुल ही पहले व्यक्ति थे जिन्होंने प्रत्यूषा को पश्चिमी उपनगर के घर में फांसी पर लटके हुए देखा था और वही प्रत्यूषा को फांसी से उतार कर अंधेरी के कोकिलाबेन अस्पताल कल रात ले गये थे। राहुल को आज सुबह पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया था, जिसमें उन्होंने कहा कि दोनों जल्द ही विवाह करने वाले थे। राहुल ने प्रत्यूषा के साथ हाल में किसी प्रकार के झगड़े से इनकार किया। पुलिस की देख रेख में राहुल को प्रत्यूषा के शव को देखने की इजाजत दी गई। पुलिस ने प्रत्यूषा के परिजनों का भी बयान दर्ज किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि राहुल प्रत्युषा से विवाह की बात कर रहे थे लेकिन इस संबंध में वह कभी भी गंभीर नहीं थे।
वह अक्सर उनकी लड़की को प्रताड़ित करते थे। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल के अन्य लड़कियों के साथ भी संबंध हैं। वॉलीवुड के लोगों ने इस मामले की गंभीरता से जांच की मांग की ताकि सच सामने आ सके। अभिनेता रजा मुराद ने पत्रकारों से कहा कि प्रत्यूषा बहुत ही साहसी लड़की थी और उसमें लड़ने की क्षमता थी। झारखंड की 24 वर्षीय प्रत्यूषा टीवी सीरियल -बालिका वधू- के आनंदी के अभिनय से प्रसिद्ध हुयी थी। प्रत्यूषा टीवी सीरियल -ससुराल सिमर का- में भी काम कर रही थी। इसके अलावा उन्होंने रियल्टी डांस शो के पांचवें सत्र -झलक दिखला जा-, बिग बॉस 7 में हिस्सा लिया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें