मनाता (इक्वाडोर) 18 अप्रैल, इक्वाडोर में कल तड़के आए 7़.8 तीव्रता वाले भीषण भूकंप से मरने वालों की संख्या 272 तक पहुंच गई है जबकि 2068 लोग घायल हो गये और बड़े पैमाने पर संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। विनाशकारी भूकंप के कारण अपनी इटली की यात्रा बीच में छोड़कर स्वदेश लौटे राष्ट्रपति राफेल कोरेया ने देश को दिये संबोधन में मृतकों की संख्या 272 तक पहुंचने की पुष्टि की और साथ ही कहा कि इस त्रासदी में कुल 2068 लोग घायल हुए हैं, जिसकी वजह से मृतकों की संख्या अभी और अधिक बढ़ने की आशंका है। राष्ट्रपति का यह संदेश भारतीय समयानुसार आज प्रसारित किया गया । उन्होंने कहा कि पहली प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों को बचाना है। उन्होंने कहा कि सब कुछ फिर से नया बनाया जा सकता है लेकिन लोगाें के जीवन को वापस नहीं लाया जा सकता। श्री कोरेया ने देशवासियों से शांति और धैर्य से काम लेने की अपील करते हुए भूकंप में मरने वालों के परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। भूकंप के केंद्र के पास के तटवर्ती इलाकों में ज्यादा तबाही मची है।
ऐसा ही तटवर्ती इलाका है पेडरनालेस , जो भूकंप आने के पहले तक अपने खूबसूरत बीच और नारियल के पेडों के कारण पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र होता था लेकिन अब यह मलबे के ढेर में तब्दील हो गया है। प्रशासन के अनुसार इस इलाके में भूकंप के तेज झटके के बाद लगभग 160 हल्के झटके महसूस किये गये जिसके कारण यहां ज्यादा तबाही मच गयी। यहां कई लोग अब भी मलबे में फंसे हैं। पुलिस प्रमुख जनरल मिल्टन जराटे के मुताबिक यहां लगभग 91 लोग मारे गये और 60 प्रतिशत से अधिक घर ढह गये। इक्वाडोर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए 13 हजार 500 सुरक्षाबलों के अलावा रेड क्राॅस के 800 स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। अमेरिकी भूसर्वेक्षण विभाग के अनुसार इससे पहले इक्वाडोर में 1979 में ऐसी आपदा आयी थी जब भूकंप से 600 लोग मारे गये थे और 20 हजार अन्य घायल हुए थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें