ट्वंटी-20 विश्वकप : ट्वंटी-20 का किंग एंड क्वीन वेस्टइंडीज - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 3 अप्रैल 2016

ट्वंटी-20 विश्वकप : ट्वंटी-20 का किंग एंड क्वीन वेस्टइंडीज

west-indies-won-the-world-cup
कोलकाता, 03 अप्रैल, मार्लाेन सैमुअल्स की नाबाद 85 रन की बहुमूल्य पारी और कार्लाेस ब्रैथवेट (नाबाद 34) के आखिरी ओवर में लगातार चार गगनचुंबी छक्कों की बदौलत वेस्टइंडीज ने करिश्मा करते हुये इंग्लैंड को रविवार को ईडन गार्डन मैदान पर सांसों को रोक देने वाले बेहद रोमांचक मुकाबले में रविवार को चार विकेट से हराकर दूसरी बार आईसीसी ट्वंटी-20 विश्वकप का चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर लिया। वेस्टइंडीज की महिला टीम ने दिन में पहली बार विश्वकप खिताब अपने नाम किया था और रात को वेस्टइंडीज की पुरूष टीम ने दूसरी बार विश्व खिताब जीत लिया। इंग्लैंड ने नौ विकेट पर 155 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया जबकि वेस्टइंडीज ने 19.4ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाकर खिताब अपने नाम कर लिया।

वेस्टइंडीज को जीत के लिये आखिरी छह गेंदों पर 19 रन की जरूरत थी और यह काम मुश्किल दिखायी दे रहा था लेकिन ब्रैथवेट ने अाखिरी ओवर में जो करिश्मा किया, वह क्रिकेट इतिहास में लंबे समय तक याद किया जायेगा। गेंद मध्यम तेज गेंदबाज बेन स्टाेक्स के हाथ में थी और उनके सामने थे ब्रैथवेट जिन्होंने उस समय तक छह गेंदों में दस रन बनाये थे। स्टोक्स की पहली गेंद पर ब्रैथवेट ने डीप बैकवर्ड स्कवायर लेग के ऊपर छक्का जड़ दिया। अब आंकड़ा 13 रन आ चुका था। अगली गेंद पर ब्रैथवेट ने लांग ऑन के ऊपर छक्का मार दिया। अब अांकड़ा सात रन आ गया। इंग्लैंड की टीम आैर उनके समर्थक हतप्रभ थे कि अचानक यह क्या हो गया। दो छक्के पड़ने पर स्टोक्स के चेहरे से जैसे हवाइयां उड़ने लगीं। तीसरी गेंद पर ब्रैथवेट का शाॅट लांग ऑफ सीमा रेखा के ऊपर से निकल गया। स्कोर अब बराबर हो चुका था और टीम को जीत के लिये एक रन चाहिये था। वेस्टइंडीज की पूरी टीम सीमा रेखा पर खड़ी हो गयी थी। चौथी गेंद पर एक और जबर्दस्त छक्का पड़ा और विश्व खिताब वेस्टइंडीज की झोली में आ गया। वेस्टइंडीज के सारे खिलाड़ी मैदान में दौड़ पड़े और उन्होंने सैमुअल्स और ब्रैथवेट को गले लगा लिया। वेस्टइंडीज की महिला टीम की खिलाड़ी भी इस जश्न में शामिल हो गयीं। कैरेबियाई क्रिकेट के लिये तीन अप्रैल 2016 का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया। उसने एक ही दिन में दो विश्व खिताब अपने नाम कर लिये। 

वेस्टइंडीज की इस जीत के सूत्रधार रहे मार्लाेन सैमुअल्स जिन्होंने 66 गेंदों में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 85 रन की अपनी सर्वश्रेष्ठ और विश्वकप फाइनल की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली। दूसरी तरफ ब्रैथवेट ने दस गेंदों पर नाबाद 34 रन में एक चौका और चार छक्के उड़ाये। ब्रैथवेट का भी यह सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। दोनों ने 4.1 ओवर में सातवें विकेट के लिये 54 रन की खिताब जिताने वाली अविजित साझेदारी की। मैच के बाद ब्रैथवेट ने अपनी सांसों को काबू करते हुये कहा, “मैं ईश्वर को शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। मार्लाेन ने अद्भुत पारी खेली और जिम्मेदारी के साथ एक छोर संभाले रखा। मेरे पास इस पारी को बयां करने के लिये शब्द नहीं है। हमारी अंडर-19 टीम ने विश्वकप जीता, लड़कियों ने विश्वकप जीता और अब हमने विश्वकप जीत लिया है।” लक्ष्य का पीछा करते हुये वेस्टइंडीज की खराब शुरुआत रही और उसने 11 रन तक तीन विकेट गंवा दिये। जॉनसन चार्ल्स (1) और क्रिस गेल (4) जो रूट के पारी के दूसरे ओवर में आउट हुये। लेंडल सिमंस खाता खोले बिना डेविड विली का शिकार बने लेकिन इसके बाद सैमुअल्स ने एक छाेर संभालकर खेलते हुये अपनी टीम को जीत दिलाकर ही दम लिया। दूसरे छोर पर ड्वेन ब्रावो 25, आंद्र रसेल एक और कप्तान डैरेन सैमी दो रन बनाकर आउट हुये। वेस्टइंडीज के छह विकेट 107 रन पर गिर चुके थे लेकिन सैमुअल्स और ब्रैथवेट ने टीम को असंभव लग रही जीत दिला दी। हैरत की बात रही कि रूट को एक ही ओवर मिला। विली ने 20 रन पर तीन विकेट और आदिल राशिद ने 23 रन पर एक विकेट लिया। बेन स्टोक्स ने 2.4 ओवर में 41 रन लुटा दिये। 

इससे पहले जो रूट (54) और जोस बटलर (36) की उपयोगी बल्लेबाजी से इंग्लैंड ने नौ विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाये। टीम की तरफ से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रुट ने 37 गेंदों में सात चौकों की मदद से शानदार 54 रन बनाये। रूट के अलावा बटलर ने 22 गेंदों में एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 36 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा निचले क्रम में डेविड विली ने मात्र 14 गेंदों में दो छक्कों और एक चौके की मदद से 21 रन बनाये। रूट और बटलर ने चौथे विकेट के लिये 6.4 ओवर में 61 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और उसने पांचवें ओवर तक 23 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिये। सेमीफाइनल में विस्फोटक अर्धशतक बनाने वाले जैसन राॅय खाता खोले बिना दूसरी ही गेंद पर बोल्ड हो गये। लेग स्पिनर सैमुअल बद्री ने रॉय को पवेलियन का रास्ता दिखाया। एलेक्स हेल्स मात्र एक रन बनाकर दूसरे ओवर में निपट गये। हेल्स को आंद्रे रसेल ने ब्रदी के हाथों कैच कराया। बद्री ने पांचवें अोवर में इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन (5) को भी चलता कर दिया। 

इंग्लैंड के तीन विकेट 23 रन पर गिर गये। लेकिन रूट और बटलर ने चौथे विकेट लिये 61 रन जोड़कर टीम को कुछ हद तक संभाल लिया। यह जोड़ी खतरनाक साबित होती कि मध्यम तेज गेंदबाज कार्लोस ब्रैथवेट ने बटलर को 12वें ओवर में आउट कर दिया। इंग्लैंड का चौथा विकेट 84 के स्कोर पर गिरा। बेन स्टोक्स 13 रन बनाकर 110 के स्कोर पर आउट हुये जबकि मोईन अली खाता खोले बिना इसी ओवर में निपट गये। ड्वेन ब्रावो ने 14वें ओवर में ये दोनों विकेट झटके। अर्धशतक बना चुके रूट का विकेट 15 अोवर की पहली गेंद पर गिर गया। ब्रैथवेट ने रूट को आउट किया। विली ने कुछ जोरदार शॉट खेलते हुये 21 और क्रिस जॉर्डन ने नाबाद 12 रन बनाकर अपनी टीम को 155 के लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचा दिया। ब्रैथवेट ने चार ओवर में मात्र 23 रन देकर तीन विकेट और ड्वेन ब्रावो ने चार ओवर में 37 रन देकर तीन विकेट झटके। इसके अलावा सैमुअल बद्री ने चार ओवर में एक मैडन रखते हुये 16 रन देकर दो विकेट लिये जबकि आंद्रे रसेल ने चार ओवर में 21 रन देकर एक विकेट लिया। 

कोई टिप्पणी नहीं: