औरंगाबाद, 16 अप्रैल शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मराठवाड़ा क्षेत्र में सूखे की भयावह स्थिति को मद्देनजर रखते हुए आज महाराष्ट्र सरकार से सभी शराब निर्माता कंपनियों को पानी की आपूर्ति बंद कर देने की मांग की है। ‘शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे कन्यादान योजना’ के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे श्री उद्धव ठाकरे ने कहा “इस क्षेत्र में भयंकर सूखा है और पानी की विकट समस्या है। पानी के स्रोत सूख चुके हैं ऐसे में शराब निर्माता कंपनियां पानी का धड़ल्ले से प्रयाेग कर रही हैं जिसपर लगाम लगनी चाहिए।”
उन्होंने कहा “मराठवाड़ा में पानी की समस्या को देखते हुए मानसून के आने तक पानी का उपयोग सिर्फ और सिर्फ पीने के लिए ही किया जाना चाहिए।” शिवसेना के विधायक रामदास कदम ने भी उद्धव की हां में हां मिलाते हुए कहा कि वह इस मुद्दे को मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस के साथ कैबिनेट की बैठक में भी उठाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें