रांची 04 अप्रैल, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री रामचन्द्र चन्द्रवंशी ने कहा कि राज्य सरकार पान मसाला और गुटखा पर प्रतिबंध लगाने के लिए गंभीरता से विचार कर रही है। मुख्यमंत्री सचिवालय में आज यहां आयोजित जनता दरबार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्री चन्द्रवंशी ने कहा कि इन उत्पादों पर प्रतिबंध लगाने हेतु गंभीरता से विचार किया जा रहा है। जनता दरबार में स्वास्थ्य मंत्री के साथ कृषि मंत्री श्री रणधीर कुमार सिंह ने भी लोगों की शिकायतें और समस्यायें सुनीं। उन्होंने कहा कि लोगों का जनता दरबार में अधिक संख्या में आना इसकी सफलता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री की पहल पर इसका आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह खुला मंच है। यहां सुनवाई होती है। इससे लोगों का विश्वास बढ़ा है। सरकार का प्रयास है कि यहां आने वालों को त्वरित और निष्पक्ष न्याय मिले। जनता दरबार में कुल 97 मामलों पर कृषि मंत्री श्री सिंह और स्वास्थ्य मंत्री श्री चंद्रवंशी ने सुनवाई की। अधिकतर मामले जमीन कब्जा और अतिक्रमण एवं पुलिसिया कार्रवाई नहीं होने से संबंधित थे। त्वरित कार्रवाई करते हुए माननीय मंत्रियों ने संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर कार्रवाई करने का निर्देश दिये। साथ ही मामले से संबंधित अद्यतन रिपोर्ट देने को कहा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें