लखनऊ 03 जून, उत्तर प्रदेश में मथुरा के जवाहरबाग में अवैध कब्जेदारों और पुलिस के बीच हुयी हिंसक झडप में दो पुलिस अधिकारियों समेत कई लोगों की मत्यु की वारदात को लेकर सूबे में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। राज्य विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल बहुजन समाज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समेत लगभग समूचे विपक्ष ने एक सुर में राज्य मे सत्तारूढ समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार पर निरंकुशता का आरोप लगाते हुये मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के इस्तीफे की मांग की है। जवाहरबाग पार्क में अवैध कब्जे को हटाने के मकसद से गयी पुलिस पर कल शाम कथित रूप से सत्याग्रह पर बैठे अवैध कब्जेदारों ने हमला कर दिया था जिसमें पुलिस अधीक्षक शहर मुकुल द्विवेदी और थानाध्यक्ष संतोष यादव शहीद हो गये थे।
पुलिस की जबाबी कार्रवाई में कम से कम 22 उपद्रवियों की मृत्यु हो गयी थी। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मथुरा की घटना को दुर्भाग्यशाली करार देते हुये प्रदेश की कानून व्यवस्था को बदहाल बताया है। श्री गांधी ने ट्वीट में कहा कि बेरोकटोक हुई हिंसा उत्तर प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था की परिचायक है। श्री गांधी ने जवाहरबाग में हुई हिंसा में दो पुलिस अफसरों समेत कई लोगों के मरने पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से शान्ति बहाल करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई किये जाने की मांग की है। बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती ने मथुरा में खूनी संघर्ष में पुलिस अफसरों की शहादत पर दुख व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें