दोस्ताना माहौल में टीम के साथ काम करूंगा : कुंबले - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 24 जून 2016

दोस्ताना माहौल में टीम के साथ काम करूंगा : कुंबले

work-with-team-in-friendly-manner-kumble
बेंगलुरू, 24 जून, पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के प्रमुख कोच की अपनी नयी भूमिका को लेकर बहुत उत्साहित हैं और उन्होंने भरोसा जताया है कि वह टीम इंडिया के साथ दोस्ताना माहौल में काम करेंगे। भारतीय क्रिकेट का प्रमुख चेहरा रहे कुंबले को कोचिंग का खास अनुभव नहीं होने के बावजूद उन्हें कई मजबूत दावेदारों के बीच चुना गया है। कुंबले को धर्मशाला में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड(बीसीसीआई) के सम्मेलन में गुरूवार को कोच बनाये जाने की घोषणा की गई थी। राष्ट्रीय टीम के साथ उनका पहला दौरा जुलाई-अगस्त में वेस्टइंडीज का होगा। कोच बनने के बाद कुंबले ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा“ मेरे लिये यह बड़े सम्मान की बात है और मैं भारतीय क्रिकेट से फिर से जुड़कर बहुत खुश हूं। मैं जानता हूं कि मुझसे काफी उम्मीदें हैं और मैं उनपर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।” भारतीय टीम के लिये 132 टेस्ट खेल चुके कुंबले को एक वर्ष के लिये कोच का पदभार सौंपा गया है। उन्होंने कहा“ मैं जानता हूं कि यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है और मैं किसी भी चुनौती से दूर नहीं भागता हूं। कोच के लिये खिलाड़ी सबसे पहले होते हैं और मेरा रूख बतौर कोच ऐसा ही रहेगा। ड्रैसिंग रूम की मर्यादा बनाये रखना और खिलाड़ियों के साथ मिलकर काम करना ही मेरी प्रमुखता रहेगी।”

45 वर्षीय कुंबले ने अपनी योजनाओं को लेकर कहा“ मैं अभी तो इस पर कुछ अधिक नहीं कह सकता हूं लेकिन मेरी रणनीति तो मैच जीतने की होगी। लेकिन इन सब बातों के लिये अभी समय है। यह सब खिलाड़ियों के साथ बैठकर ही तय होगा। मेरे पास वेस्टइंडीज की आगामी सीरीज के लिये हर तरह की योजना है। लेकिन मुझे इसमें खिलाड़ियों की मदद चाहिये होगी।”  युवा भारतीय टीम के साथ काम करने को लेकर और योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर पूर्व क्रिकेटर ने कहा“ भारत की टीम काफी युवा है। एक युवा टीम का कोच बनने के लिये आपको अधिक मेहनत करनी होगी। टीम के अभ्यास से लेकर रणनीति बनाने तक उनका साथ देना होगा। क्योंकि यह युवा टीम है तो मुझे मैदान पर और बाहर एक अनुभवी बड़े भाई की तरह काम करना होगा। मैं खिलाड़ियों को पहले से जानता हूं और उनसे तालमेल बैठाने में भी मदद मिलेगी।” कुंबले को कोचिंग का कोई अनुभव नहीं है लेकिन वह इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियन्स और रायल चैलेंजर्स बेंगलुरू जैसी टीमों के मेंटर रह चुके हैं। कुंबले भी मानते हैं कि उनके लिये राष्ट्रीय टीम की कोचिंग बिल्कुल अलग अनुभव होगा। 

कोई टिप्पणी नहीं: