बेगूसराय (बिहार) की खबर (28 जुलाई) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 28 जुलाई 2016

बेगूसराय (बिहार) की खबर (28 जुलाई)

चोरी और हेरा फेरी में सिक्युरिटी गार्ड

begusarai-news
अरुण कुमार,मटिहानी,बेगुसराय। बेगुसराय जिले के बिभिन्न बैंको के बिभिन्न ए•टी•एम• मशीन में रुपये लोड करने हेतु प्रयुक्त कैशभान में प्रतिनियुक्त सुरक्षा गार्ड के सम्बन्ध में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर बेगुसराय जिला के पुलिस कप्तान रंजीत कुमार मिश्र ने बड़ी गंभीरता से विचार करते हुए,पुलिस निरीक्षक बरौनी अंचल के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया।गठित छापेमारी दलों के द्वारा दिनांक 27 जुलाई 2016 को रिफाइनरी गेट न• 01 के पास दुर्गा मंदिर के समीप चेकिंग के क्रम में सी•एम•एस• कम्पनी के कैशभान को चेक किया गया,चेकिंग के दौरान सी•एम•एस• कम्पनी की गाड़ी से सी•एम•एस• कम्पनी के कास्टोडियन  मृत्युञ्जय शर्मा एवं जीतेन्द्र कुमार मोची के साथ,सुरक्षा गार्ड के रूप में प्रतिनियुक्त शम्भु यादव,सा• टिकारामपुर,जिला मुंगेर को 01 अवैध दो नाली बन्दुक एवं 06 कारतूस के साथ पकड़ा गया।शम्भु यादव के निशानदेही पर सी•एम•एस• कम्पनी में प्रतिनियुक्त एक अन्य सुरक्षा गार्ड अजय यादव,सा• टिकारामपुर,जिला मुंगेर को एक अवैध एक नाली बन्दुक और 06 जिन्दा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया।दोनों ही सुरक्षा गार्डों के पास से फर्जी आर्म्स लाइसेन्स एवं जम्मु-कश्मीर के सरकारी पदाधिकारी का फर्जी मोहर भी बरामद किया गया। उल्लेखनीय है की वर्ष 2014 में सी•एम•एस• कम्पनी के कैशभान से उक्त कम्पनी के गार्डों के द्वारा ही,अन्य अपराधियों के सहयोग से 84 लाख रूपये की लूट की गई थी,जिसमे लूट की राशि के बरामदगी के साथ ही उक्त कम्पनी के सुरक्षा गार्ड पवन कुमार का अवैध हथियार,फर्जी लाइसेन्स भी बरामद किया गया था।छापामारी दल में पु•अ•नि• रवि शंकर कुमार,ओ•पी•अध्यक्ष रिफाइनरी ओ•पी•,पु•अ•नि• सुनील कुमार थानाध्यक्ष मटिहानी थाना,पु•अ•नि• राजकुमार थानाध्यक्ष नयागाँव थाना एवं स•अ•नि• विश्वमोहन झा रिफाइनरी ओ•पी• एवं बी•एम•पी• शास्त्रबल के जवान रजनीश कुमार,अशोक कुमार,अमरनाथ पासवान एवं हवलदार धनिक राय शामिल थे।

सरकार की फालतुगिरी से परेशान विद्यार्थी

begusarai-news
अरुण कुमार,मटिहानी, बेगुसराय। सरकार एक तरफ रोज़ नये नियम लागू करते नहीं थकती है तो दूसरी ओर उन्हीं नियमों से समस्या का अंबार खड़ा हो जाता है जिस पर सरकारी व्यवस्था घुटने टेकती नज़र आती है।किसी भी नियम को लागू करने से पहले उससे संबंधित तमाम विभाग को सख्त निर्देश दिया जाना चाहिए उसको कार्यरूप देने के लिए जो शायद नहीं हो पाता है इसीलिए समस्याओं का अंबार खड़ा हो जाता है।अब सरकार ने नियम तो लागू कर दिया कि कॉलेज का नामांकन हो या फॉर्म भरने की बात हो प्रत्येक विद्यार्थी को चलान से फी जमा करना होगा बैकं में लग गई भीड़ ,जनाब बैंक के अपने नखरे हैं,प्रत्येक बैंक चलान या डी डी नहीं बनायेगा,इतने सारे नियम समझायेंगें बैंकर्स,बस हो गया झेल रात के 9 बजे तक बैंक में चलान की भीड़ सभी परेशान,खैर।एक बात तो बता दूं कि बैंक पर किसी का कोई नियंत्रण नहीं है,हर एक नियम को ताक पर रख कर काम करती है और परेशान होता है आम आदमी।बात उस वक्त की है जब पार्ट 2 के छात्रों को चलान नहीं मिल रहा था तो बेगुसराय कालीस्थान चौक के निकट स्थित सेंट्रल बैंक में छात्रों ने हंगामा और तोड़ फोड़ करना शुरु कर दिया।जानकारी प्राप्त होते ही नगर थानाध्यक्ष मो• अली साबरी ने तुरन्त घटना स्थल पर पहुँच छात्रों को शान्त करवाया और हंगामे के कारणों के बारे में पूछताछ शुरू की,इसी बीच सदर डीएसपी राजेश कुमार भी घटना स्थल पर पहुँचे और पुलिस बल के साथ अपनी देख रेख में चलान बंटवाना शुरू किया।तब जा कर शान्ति पूर्वक पार्ट 2 का चलान वितरीत हुआ और छात्रों का आक्रोश भी शान्त हुआ।अब देखिये एक छोटी सी बात ने बड़ा रूप ले लिया किस कारण से तो सरकार की फालतुगिरी के कारण से।

कोशी में समाया रेलवे का करोड़ों

begusarai news
प्रद्योत कुमार,बेगूसराय ।आज़ादी के 69 साल बीत गए कितनी सरकारें आयीं गईं लेकिन कोशी क्षेत्र में विकास नदी नहीं बह सकी,सारे विकास के वादे कोशी, बागमती और बुढ़ी गंडक में बह जाते हैं।कोशी प्रमंडल का ये क्षेत्र धमहरा जो मानषी-सहरसा रेल खण्ड पर स्थित है जहां रेल छोड़ कर यातायात का दूसरा मार्ग ही नहीं है और इस रेल खंड पर ट्रेन परिचालन फंनगो के पास कोशी नदी में कटाव के कारण बन्द हो चुका है जबकि इस कटाव को रोकने के लिए प्रत्येक वर्ष फुलेना कंस्ट्रक्सन्स,बेगूसराय को रेलवे द्वारा कांट्रेक्ट भी दिया जाता रहा है लेकिन ये कार्य रेल विभाग द्वारा तब दिया जाता है जब बाढ़ की स्थिति या नदी में पानी का उफान काफी तेज़ हो जाता है क्योंकि पानी के उस तेज़ धार में बोल्डर के बहाव का पता ही नहीं चल पाता है और अनाप सनाप विभागीय भुगतान होता रहा है।इसमें विभागीय तालमेल से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।एक बात बता दूं कि सावन भादो का ये महीना छोड़ कर शेष महीने में जब नदी का जल स्तर कम रहता है तब इस कटाव पर कोई कार्य नहीं होता है,इसे सिर्फ विभागीय लापरवाही ही कहा जा सकता है,दूसरा कारण ये कि तब नाजायज़ आमदनी भी बंद हो जाएगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि रेल विभाग का ये कामधेनु है पैसा के मामले में।कटाव काफी बढ़ जाने के बाद डी आर एम श्री सुधांशु शर्मा फंनगो के पास कटाव का स्थल निरीक्षण करने पहुंचे लेकिन तब तक काफी देर हो चुका था।इस ट्रेन परिचालन बन्द होने से यहां के लोगों का मुख्य व्यवसाय दूध का कारोबार साफ़ बन्द हो गया है।यहां का दूध   तीन चार जिलों में जाता है साफ़ बन्द ह गया है।इस इलाके को दूध के व्यवसाय को लेकर डेनमार्क भी कहा जाता है।ये सहज ही सोचने का विषय है कि इस कार्य शैली को किस नाम से नवाज़ा जाय ये एक बड़ा सवाल है।इस विभागीय लापरवाही पर सरकार को सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए दोषी अधिकारी पर उचित क़दम उठाना चाहिए।

कर्पूरी स्थान में हज़ारों भक्तों ने किया जलाभिषेख

begusarai news
अरुण कुमार,मटिहानी,बेगुसराय। सावन के प्रथम सोमवारी आते ही भक्तों की भीड़ भगवान शिव की पूजा के लिए उमड़ पड़ीं।आज बेगूसराय स्थित कर्पूरी स्थान,काली स्थान एवं हरिगिरिधाम में श्रद्धालुओं ने शिव की अर्चना की।इस महीने को हिन्दू धर्म में सर्वाधिक पवित्र महीना माना गया है।चौबीस घंटे उपवास रखकर महिलाओं ने अपने पति,पुत्र,भाई बांधवों के सुख समृद्धि के लिए व्रत रखा है।दिन भर मंदिरों में पूजा का सिलसिला चलता रहा है।शाम होते ही मंदिरों के पुजारी के द्वारा शिव लिंग की सजावट देखने योग्य है।इतना खूबसूरत श्रृंगार कि भक्तों की आँखें उसे निहारते ही रह गए।पूरा शहर मानो भक्ति से सराबोर हो गया हो।सावन के महीने में सोमवारी व्रत की सर्वाधिक महिमा है,क्योंकि यह मास शिव का सर्वप्रिय मास है वहीँ सोमवार का दिन भगवान शिव एवं माता पार्वती के पूजन से उनकी कृपा पात्र बन जाना अत्यन्त सरल व् सुगम है।अगर घर में किसी भी प्रकार की समस्या आए दिन उत्पन्न हो जाया करता हो तो सोलह सोमवार व्रत का संकल्प लेकर करें तो मनवांछित फल प्राप्त होते हैं।इस तरह अनुष्ठान,पूजा,अभिषेक आदि करने से भगवन तुरन्त ही प्रसन्न हो भक्तों की अभिलाषा अविलम्ब पूर्ण करते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: