मीडिया कार्यशाला का आयोजन आज
जिला स्तरीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन आज शुक्रवार 29 जुलाई को किया गया है। उक्त कार्यशाला जिला पंचायत के सभागार कक्ष में प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होगी। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती विनीता कास्बा ने बताया कि विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभांरभ जिले में भी एक अगस्त से होगा। उक्त आयोजन के परिपेक्ष्य में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया है। श्रीमती कास्बा ने मीडियाकर्मियों से आग्रह किया कि वे कार्यशाला में शामिल होकर आयोजन के उद्धेश्यों को सफल बनाने में सहयोग करें।
सघन भ्रमण कर औचक निरीक्षण किया
विदिशा उपखण्ड अधिकारी श्री आरपी अहिरवार सहित अन्य खण्ड स्तरीय अधिकारियों ने आज गुरूवार को अनुविभाग क्षेत्र के अनेक ग्रामों का सघन भ्रमण कर आंगनबाडी और स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान स्थानीय सार्वजनिक समस्याओं से अवगत होते हुए उन पर कार्यवाही करने के निर्देश एसडीएम द्वारा संबंधितों को दिए गए है। एसडीएम श्री अहिरवार ने बताया कि ग्राम हांसुआ में सम्पर्क के दौरान 15 कृषकों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तहत फार्म भरवाए गए है। यहां आंगनबाडी कार्यकर्ता श्रीमती धन्नोबाई अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें शोकाॅज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए है। ग्राम जैतपुर की प्राथमिक शाला में गांव के सम्पन्नजनों द्वारा अतिक्रमण करने की जानकारी दी गई जो मौके पर कार्यवाही कराई गई और स्कूल प्रागंण को अतिक्रमण से विमुक्त किया गया। यहां की आंगनबाडी केन्द्र में कार्यकर्ता गुलाब बाई मैना विगत कई दिनों से अनुपस्थित रहने पर उनकी सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए गए। ग्राम भाटनी के स्कूल परिसर में खेल मैदान बनाए जाने पर सहमति व्यक्त की गई। इसी प्रकार ग्राम अहमदपुर के भ्रमण के दौरान सार्वजनिक उचित मूल्य की दुकान, आयुर्वेदिक चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया गया। यहां शौचालय बनाने के निर्देश दिए गए। ग्राम के छह कृषकों से बीमा फार्म भरवाए गए है। ग्रामीणों द्वारा यूको बैंक के मैनेजर द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं मंे सहयोग नही करने की शिकायत पर बैंक मैनेजर से संवाद स्थापित कर उन्हें शासन के मापदण्ड अनुसार हितग्राहीमूलक योजनाओं में वित्त पोषण कराने और पात्र कृषकों को केसीसी जारी करने के निर्देश दिए गए है।ग्राम डंगरवाडा में भ्रमण के दौरान क्षेत्र की आंगनबाडी केन्द्र क्रमांक 126 बंद पाई जाने पर कार्यकर्ता श्रीमती मीना लोधी, सहायिक दुर्गाबाई को पृथक करने के निर्देश दिए। ग्राम के स्कूल में मिश्रीलाल सहित अन्य के द्वारा अतिक्रमण कर जानवरों को बांधा जा रहा है कि जानकारी संज्ञान में आने पर एसडीएम श्री अहिरवार ने नायब तहसीलदार श्री धीरेन्द्र गुप्ता को प्रकरण की समुचित जांच और दोषियों के खिलाफ कार्यवाही कर विद्यालय परिसर को अतिक्रमण से मुक्त कराने के निर्देश दिए गए है। ग्राम करैयाखेडा के स्कूल में किचिन शेड विगत कई वर्षो से पूर्ण नही होने पर संबंधित सरपंच और सचिव के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है इसी प्रकार गांव से हाई स्कूल पहुंच मार्ग पर हुए अतिक्रमण को हटाने तथा संविदा शिक्षक वर्ग तीन निशा चैबे की शिकायत प्राप्त होने पर उनकी सेवाएं समाप्त करने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। भ्रमण के दौरान तहसीलदार श्री संतोष बिटौलिया, नायब तहसीलदार श्री धीरेन्द्र गुप्ता, जनपद सीईओ, बीईओ, बीआरसी एवं कृषि विभाग और स्थानीय पटवारी एवं पंचायत सचिव साथ मौजूद थे।
आर्थिक मदद जारी
सर्पदंश के एक प्रकरण मंे विदिशा उपखण्ड अधिकारी श्री आरपी अहिरवार ने मृतक के परिवार को पचास हजार रूपए की आर्थिक मदद के आदेश जारी कर दिए है। जारी आदेश में उल्लेख है कि विदिशा तहसील के ग्राम पालकी निवासी श्री पूरन की मृत्यु सर्पदंश से हो जाने के कारण मृतक के पिता श्री रामप्रसाद सेन को पचास हजार रूपए की आर्थिक मदद जारी की गई है।
छात्रवृत्ति के आवेदन आॅन लाइन 31 अगस्त तक
अल्पसंख्यक प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के अंतर्गत कक्षा एक से दस तक के विद्यार्थियों के नवीन अथवा नवीनीकरण आवेदन 31 अगस्त तक आन लाइन आमंत्रित किए गए है। पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक संचालक श्री एएस कुरैशी ने बताया कि आफ लाइन आवेदनों पर कोई विचार नही होगा। विद्यार्थीगण भारत सरकार के नेशनल स्काॅलरशिप बेव पोर्टल ूूूण्ेबीबवसंतेीपचेण्हवअण्पद पर जिसकी लिंक कर बेवसाइट ूूूण्उपदवतपजलंििंपतेण्हवअण्पद पर तमाम जानकारियों के साथ निर्धारित आवेदन उपलब्ध है। आवेदन के साथ हस्ताक्षर सहित पासपोर्ट आकार का फोटो, विगत कक्षा उत्तीर्ण का प्रमाण पत्र, अंक सूची की छाया प्रति स्वप्रमाणित, स्थाई मूल निवास प्रमाण पत्र, अल्पसंख्यक समुदाय संबंधी स्वप्रमाणित घोषणा पत्र और स्वघोषित आय प्रमाण पत्र की सत्य प्रति अनिवार्य रूप से स्केन कर पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। वांछित दस्तावेंज ना होने पर आवेदन स्वीकार नही होगा।
पुरस्कार हेतु आवेदन एक अगस्त तक आमंत्रित
आत्मा परियोजना के अंतर्गत जिले के ऐसे कृषक जिनके द्वारा वैज्ञानिक पद्वति से कृषि कार्यो का सम्पादन किया जा रहा है उनसे पुरस्कार हेतु आवेदन एक अगस्त तक आमंत्रित किए गए है। आत्मा परियोजना के संचालक श्री आनंद बडोनिया ने बताया कि प्रत्येक विकासखण्ड पर सर्वोत्तम कृषक को पुरस्कार प्रदाय किया जाएगा इसके अलावा पांच सेक्टर कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, रेशम, मत्स्य में पृथक-पृथक प्रत्येक सेक्टर में खण्ड स्तर पर चयनित होने वाले कृषक को दस हजार रूपए का पुरस्कार दिया जाएगा। आवेदन प्रपत्र हेतु स्थानीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या खण्ड स्तरीय कृषि कार्यालय से प्राप्त कर भरे हुए आवेदन अंतिम तिथि तक जमा किए जा सकते है।
जिले में आज 10 मिमी वर्षा दर्ज
जिले के तहसील कार्यालयों में स्थापित वर्षामापी यंत्रो पर गुरूवार जुलाई की प्रातः आठ बजे दर्ज की गई वर्षा की जानकारी देते हुए अधीक्षक भू-अभिलेख श्रीमती सविता पटेल ने बताया कि गुरूवार को जिले में 10 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि एक जून से अब तक 726.6 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है। गुरूवार को तहसीलवार दर्ज की गई वर्षा अनुसार विदिशा में 23 मिमी, बासौदा में 7.6 मिमी, कुरवाई में 6.4 मिमी, सिरोंज में तीन मिमी, लटेरी मंे छह मिमी, ग्यारसपुर में 25 मिमी गुलाबगंज में एक मिमी और नटेरन तहसील में आठ मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
उद्यानिकी फसलों का भी होगा बीमा
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत रबी एवं खरीफ में उद्यानिकी फसलों की खेती करने वाले कृषकों की फसलों का मौसम आधारित फसल बीमा किया जाएगा। कि जानकारी देते हुए उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक श्री एसएस तोमर ने बताया कि जिले में उद्यानिकी फसल बीमा हेतु एसडीएफसी अर्गो को अधिकृत किया गया है। कृषक जिले की किसी भी सहकारी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक अथवा व्यावसायिक बैंक के माध्यम से उद्यानिकी फसलों का बीमा करा सकते है।
प्रीमियम
सहायक संचालक श्री तोमर ने बताया कि उद्यानिकी फसल प्रति हेक्टेयर पर प्रीमियर दर पांच प्रतिशत निर्धारित की गई है। खरीफ मौसम की फसल टमाटर, बैंगन और प्याज के लिए प्रीमियम दर राशि तीन हजार 160 रूपए निर्धारित है। फसल खराब होती है तो बीमित राशि 63 हजार दो सौ रूपए बीमाधारी कृषक को मिलेगी। मिर्च के लिए प्रीमियम राशि तीन हजार 409 रूपए और बीमित राशि 68 हजार 185 रूपए देय होगी। रबी मौसम की फसलों अंतर्गत टमाटर, बैंगन, फूलगोबी, पत्ता गोबी के लिए प्रीमियम दर चार हजार 101 रूपए और बीमित राशि 82 हजार तीस रूपए, प्याज, लहसुन हेतु प्रीमियम राशि तीन हजार 155 रूपए बीमित राशि 63 हजार एक सौ रूपए देय होगी। धनिया, हरी मटर के लिए प्रीमियम राशि एक हजार 706 और बीमित राशि 34 हजार 125 रूपए देय होगी। आलू के लिए प्रीमियम राशि पांच हजार 250 बीमित राशि एक लाख पांच हजार रूपए देय होगी। आम हेतु प्रीमियम राशि तीन हजार 415 और बीमित राशि 68 हजार 315 रूपए देय होगी। अनाज के लिए प्रीमियम राशि आठ हजार 190 तथा बीमित राशि एक लाख 63 हजार आठ सौ रूपए देय होगी। इसी प्रकार संतरा फसल के लिए प्रति हेक्टेयर प्रीमियम राशि चार हजार 95 रूपए निर्धारित की गई है वही बीमित राशि 81 हजार नौ सौ रूपए बीमाधारी कृषक को देय होगी। खरीफ फसल के लिए बीमा हेतु अंतिम तिथि 31 जुलाई तथा रबी उद्यानिकी फसल के लिए बीमा कराने के लिए अवधि 15 सितम्बर से 31 दिसम्बर नियत की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें