पटना 27 जुलाई भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोक लेखा समिति के सभापति नंदकिशोर यादव ने आज कहा कि महागठबंधन बनाकर दिल्ली पर राज करने का श्री नीतीश कुमार का मंसूबा ..फैमिली फैक्टर.. के कारण ..फ्रैक्चर.. हो गया। श्री यादव ने यहां कहा कि महागठबंधन के दो दलों में से एक ने उत्तरप्रदेश के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के समर्थन का एलान कर दिया है। उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल श्री लालू प्रसाद यादव के समधी श्री मुलायम सिंह यादव की समाजवादी पार्टी :सपा: के समर्थन में खड़ी रहेगा जबकि श्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) वहां सपा सरकार के खिलाफ मैदान मारने का मंसूबा बनाये हुए है।
भाजपा नेता ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर महागठबंधन का श्री कुमार का मंसूबा दिल्ली की लड़ाई के पहले ही चकनाचूर हो गया है। कोई भी नया दल तो श्री कुमार के साथ जुड़ नहीं रहा है, अलबत्ता दो में से एक दल फैमिली फैक्टर की वजह से किनारा करने लगा है। उन्होंने कहा कि बिहार के चुनाव में भले ही समाजवादी पार्टी का साथ श्री लालू प्रसाद यादव और श्री नीतीश कुमार को नहीं मिला हो, लेकिन उत्तरप्रदेश के चुनाव में राजद ने सपा को समर्थन का एलान कर पारिवारिक जिम्मेदारी निभा दी है।
श्री यादव ने कहा कि दरअसल, श्री कुमार की महत्वाकांक्षा को श्री लालू प्रसाद यादव समेत तमाम नेता बखूबी समझ चुके हैं। बिहार में तो कोई विकल्प नहीं होने के कारण सत्ता के करीब रहने की मजबूरी में श्री यादव श्री कुमार का समर्थन कर रहे हैं लेकिन हकीकत यह है कि श्री कुमार को बिहार के बाहर स्थापित होने देना राजद को भी गंवारा नहीं है। यही वजह है कि श्री यादव ने उत्तरप्रदेश में श्री कुमार का साथ देने की बजाये अपने फैमिली फैक्टर को ज्यादा महत्व दिया है ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें