पटना 27 जुलाई, नेपाल की तराई में लगातार जारी बारिश से नदियों में उफान के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर बिहार के आठ जिलों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गयी है। राज्य के मुख्यंमत्री नीतीश कुमार कल बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे
आपदा प्रबंधन विभाग के सूत्रों ने आज यहां बताया कि नेपाल की तराई में लगातार हो रही बारिश से महानन्दा, बखरा, कंकई, परमार एवं कोसी नदी में आए बाढ़ से राज्य के पूर्णियां, किशनगंज, अररिया, दरभंगा, मधेपुरा, भागलपुर, कटिहार एवं सुपौल जिला प्रभावित हैं।
इस बीच मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज यहां मुख्य सचिव एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ राज्य में बाढ़ की स्थिति, बचाव एवं राहत कार्यों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित पूर्णिया, कटिहार, अररिया एवं किशनगंज जिला के प्रभारी सचिव को निर्देश दिया है कि वे तत्काल अपने प्रभार के जिलों के लिये प्रस्थान कर जायें और अपने प्रभार के जिले में जाकर बाढ़ एवं बचाव कार्यों में आवश्यक पर्यवेक्षण तथा सहयोग प्रदान करें। मुख्यमंत्री कल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और पूर्णिया मुख्यालय में बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार बाढ़ से राज्य के आठ जिलों के 43 प्रखंडों के 1448 गांव की करीब 17 लाख की आबादी प्रभावित है। बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए 439 सरकारी और 272 निजी नाव का परिचालन किया जा रहा है। बाढ़ग्रस्त इलाकों से निकाले गये प्रभावित लोगों के रहने के लिए 292 शिविर लगाये गये हैं जिनमें इस समय करीब एक लाख 16 हजार लोग रह रहे हैं। इसके अलावा 24 पशु शिविर भी लगाये गये हैं। वहीं प्रभावितों के 59 चिकित्सा दलों को लगाया गया है। बाढ़ से अबतक नौ लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे के दौरान बाढ़ में आठ लोगों की मौत के साथ ही इस वर्ष बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गयी है।
इस बीच केन्द्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा नदी का जलस्तर आज सुबह फरक्का में खतरे के निशान से जहां 55 सेंटीमीटर उपर था वहीं बागमती का जलस्तर बेनीबाद में खतरे के निशान से 62 सेंटीमीटर उपर था । इसी तरह कमला बलान का जलस्तर झंझारपुर में खतरे के लाल निशान से 75 सेंटीमीटर उपर था । नेपाल में हो रही लगातार बारिश से कोसी में आये उफान के कारण नदी का जलस्तर बलतारा और कुरसेला में खतरे के निशान से क्रमश: 124 एवं 10 सेंटीमीटर उपर था । विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान बिहार की सभी नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में हल्की से साधारण वर्षा की संभावना जताई गयी है ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें