देश में सत्तर वर्षों में वह तरक्की नहीं हो पायी जो होना थी : मोदी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 10 अगस्त 2016

देश में सत्तर वर्षों में वह तरक्की नहीं हो पायी जो होना थी : मोदी

country-could-not-chieve-that-davelopment-in-seventy-years-which-it-deserves-modi
भाबरा (मध्यप्रदेश), 09 अगस्त, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस का नाम लिए बगैर कहा कि देश में आजादी के सत्तर वर्षों बाद जिस तरह की प्रगति होना चाहिए थी , वह नहीं हो पायी है। श्री मोदी ने शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले के भाबरा में आजादी के 70 वर्ष के मौके पर नौ से 22 अगस्त तक चलाए जाने वाले विशेष कार्यक्रम '70 साल आजादी - जरा याद करो कुर्बानी' की शुरूआत करने के अवसर पर जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम के पहले श्री मोदी ने शहीद चंद्रशेखर आजाद की कुटिया में जाकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और शहीद से जुड़े स्मारक का भी अवलोकन किया। उन्होंने अमर शहीद टंट्या भील और भीमा नायक समेत अनगिनत शहीदों का स्मरण करके उनके प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्री मोदी ने कहा कि आजादी की लडाई के दौरान अंग्रेजों ने बहुत जुल्म किए थे। हमारे देशभक्तों ने अपनी आजादी के लिए शहादत का रास्ता पसंद किया और फिर देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि लेकिन सत्तर वर्षों के दौरान देश में जो तरक्की होना चाहिए थी वह नहीं हो पायी। श्री मोदी ने कहा कि उनके सत्ता संभालने पर पता चला कि अभी भी अठारह हजार गांवों में बिजली नहीं पहुंची है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने एक हजार दिनों में इन सभी गांवों में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा और अब आधे से ज्यादा गांवों में बिजली पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि इसी तरह बेटियां शिक्षा से वंचित हैं। इसलिए इस दिशा में भी काम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश काे आगे बढाने में जनशक्ति ही मददगार साबित होगी और सरकार इसी बात को ध्यान में रखकर कार्यक्रम बनाकर उनका क्रियान्वयन कर रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ विनय सहस्त्रबुद्धे, प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान समेत प्रदेश के मंत्री अंतर सिंह आर्य, कुंवर विजय शाह, ओम प्रकाश धुर्वे, सुरेंद्र पटवा, विश्वास सारंग और स्थानीय विधायक भी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं: