छपरा 08 अगस्त बिहार में सारण जिले के छपरा शहर में तीन दिन पूर्व एक धर्म को लेकर आपत्तिजनक फोटो एवं विडियो वायरल होने के बाद जगह-जगह उपद्रव की हुई घटना को लेकर चार जिलों में जहां इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी गयी है वहीं लोगों में आत्मविश्वास बढ़ाने के लिये अर्द्धसैनिक बलों ने आज भी फ्लैग मार्च किया ।
सारण के जिलाधिकारी दीपक आनंद ने यहां बताया कि उपद्रव की घटना के बाद एहतियात के तौर पर निषेधाज्ञा लागू किया गया था जिसे आज शाम हटा दिया जायेगा। हालांकि उन्होंने कहा कि इंटरनेट सेवा पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गयी है । अर्द्धसैनिक बलों के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ गश्त लगा रहे हैं । श्री आनंद ने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाये रखने के मद्देनजर सभी सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश को तत्काल प्रभाव से रद्द कर योगदान करने को कहा गया है। उपद्रवियों एवं शरारती तत्वों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है । उन्होंने लोगों से किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें