नये शराबबंदी कानून से बिहार में पुलिसराज कायम होगा : तारिक अनवर - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 6 अगस्त 2016

नये शराबबंदी कानून से बिहार में पुलिसराज कायम होगा : तारिक अनवर

new-liquor-law-effective-tariq-anwar
पटना 05 अगस्त, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार के कटिहार से सांसद तारिक 
अनवर ने आज कहा कि वह शराबबंदी के पक्ष में हैं , लेकिन जिस तरह से शराबबंदी के नये कानून में प्रावधान किये गये हैं उससे प्रदेश में पुलिसराज कायम हो जायेगा । श्री अनवर ने यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह शराबबंदी के पक्ष में है लेकिन इसका आशय यह नहीं है कि प्रदेश में निरंकुश पुलिसराज कायम हो जाये । नये कानून में पुलिस को भरपूर शक्ति प्रदान की गयी है । उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि यह कैसे संभव है कि शराब कोई पीये और कोई छुपाये , लेकिन सजा उस घर के सभी सदस्यों को मिले । सांसद ने कहा कि इसका क्या मतलब है कि किसी शराबी के कारण पूरे परिवार के बुजुर्ग समेत सभी सदस्यों को जेल भेज दिया जाये । किसी भी कानून में ऐसा नहीं है । उन्होंने कहा कि नये कानून में पुलिस को पूरा अधिकार दिया गया है जिसके दुरूपयोग होने की पूरी संभावना है । 


श्री अनवर ने कहा कि पुलिस की क्या स्थिति है यह किसी से छुपा हुआ नहीं है । पुलिस को इतना अधिकार देना 
उचित नहीं है । उन्होंने कहा कि पुलिस शराबबंदी के नाम पर जब जिसको चाहेगी गिरफ्तार कर ले जा सकती है । इसके लिये यह जरूरी था कि सरकार पहले अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करे । सांसद ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मागांधी भी चाहते थे कि शराबबंदी हो । राज्य सरकार को इसके व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए न कि इसके नाम पर आम लोगों को परेशान किया जाना चाहिए । उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि शराबबंदी पूरे देश में होनी चाहिए । ऐसा नहीं कि पुलिस जब चाहे जिसको पकड़ लें । उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को नये कानून पर पुन: विचार करना चाहिए । श्री अनवर ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सातवें दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन ( दक्षेस) के सम्मेलन में आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया है । उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में जब भी राजनीतिक संकट खड़ा होता है तब कश्मीर के मुद्दे को आगे कर दिया जाता है । पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ भी अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं। सांसद ने पार्टी की बिहार इकाई की सदस्यता अभियान के लिये आज एक टॉल फ्री मोबाइल नम्बर जारी की । उन्होंने कहा कि नौ अगस्त से सदस्यता अभियान की शुरूआत की जायेगी । पार्टी के जनाधार को मजबूत करने के उद्देश्य से गांव- गांव में लोगों को जोड़ा जायेगा । पूर्व विधायक प्रदीप सिंह को सदस्यता अभियान का अध्यक्ष बनाया गया है । 

कोई टिप्पणी नहीं: