रांची 30 दिसम्बर, केन्द्र सरकार, नीति आयोग और सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सौजन्य से रांची में डिजिधन मेला का आयोजन 01 जनवरी को होगा। मुख्यमंत्री के सचिव सुनील कुमार बर्णवाल ने आज यहां बताया कि इस मेले के उदघाटन के समय मुख्यमंत्री रघुवर दास, केन्द्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह, कृषि राज्य मंत्री सुदर्शन भगत मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस मेले के आयोजन का मुख्य उद्देश्य डिजिटल ट्रांजेक्शन को प्रोत्साहित करना है। साथ ही आम जनता को इसका लाभ पहुंचाना है। इस मेले में लकी ग्राहक योजना के अंतर्गत उन ग्राहकों को पुरस्कृत किया जायेगा, जिन्होंने डिजिटल ट्रांजेक्शन का सर्वाधिक उपयोग किया है। श्री बर्णवाल ने बताया कि इसी मेले में डिजिटल व्यापार योजना के तहत उन व्यवसायियों को पुरस्कृत किया जायेगा, जिन्होंने अपने व्यवसाय के क्षेत्र में डिजिटल ट्रांजेक्शन का सर्वाधिक उपयोग किया है। इसी से संबंधित बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती पर 14 अप्रैल को इसका बंपर ड्राॅ भी निकाला जायेगा। भारत सरकार चाहती है कि देश के लोग ज्यादा से ज्यादा डिजिटल ट्रांजेक्शन का उपयोग करें और राज्य सरकार इस मुहिम में बढ़.चढ़कर हिस्सा ले रही है। उन्होंने कहा कि मेले में लकी ग्राहक योजना एवं डिजिधन व्यापार योजना का परिणाम एनपीसीआई द्वारा घोषित किया जायेगा। साथ ही 1000 वीएलई के माध्यम से उपस्थित लोगों को कैशलेस की ट्रेनिंग दी जायेगी। इस मेले में बैंक, फर्टिलाइजर कंपनी, वित्तीय संस्थान एवं टेलीकॉम कंपनियां हिस्सा लेंगी।
श्री बर्णवाल ने कहा कि राज्य की भौगोलिक स्थिति के अनुसार डिजिटल कनेक्शन को बहाल करना सामान्य काम नहीं। फिर भी राज्य ने डिजिटल ट्रांजेक्शन के क्षेत्र में बेहतर माहौल बनाया है और खुशी इस बात की है डिजिटल ट्रांजेक्शन के क्षेत्र में झारखण्ड ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि कैशलेस झारखण्ड मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत के 40 लोगों तथा 10 दुकानदारों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। लेकिन, इस दिशा में झारखण्ड ने लक्ष्य के विपरीत प्रत्येक पंचायत में 651 प्रतिशत अधिक लोगों एवं दुकानदारों को प्रशिक्षित किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में उपलब्धि के लिहाज से झारखण्ड पूरे देश में अव्वल है। इस तरह पूरे देश में झारखण्ड का योगदान 10 प्रतिशत है। श्री बर्णवाल ने कहा कि झारखण्ड सरकार बैंक, वित्तीय संस्थान और टेलीकॉम ऑपरेटरों के साथ मिलकर कैशलेस मुहिम को आगे बढ़ा रही है। बैंकों को रूपे कार्ड बांटने तथा उसे एक्टिवेट करने को कहा गया है। जिससे सभी जनधन खाताधारक अपने कार्ड के माध्यम से खरीददारी कर सकेंगे। साथ ही बेहतर कनेक्टिविटी के लिए 782 मोबाइल टावर पर वाईफाई लगाने का फैसला लिया गया है। इससे लगभग 2000 गांवों को अच्छी कनेक्टिविटी मिलेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें