शराबबंदी लोगों की भलाई सोचकर लागू किया : नीतीश - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 31 दिसंबर 2016

शराबबंदी लोगों की भलाई सोचकर लागू किया : नीतीश

liquor-ban-for-bihar-nitish-kumar
लखीसराय 30 दिसम्बर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शराबबंदी को प्रदेशवासियों की भलाई के लिए लागू किया कदम बताया और कहा कि शराबबंदी ने सूबे में नई सामाजिक क्रांति का सूत्रपात किया है। श्री कुमार ने आज यहां निश्चय यात्रा के क्रम लखीसराय में आयोजित चेतना सभा को संबोधित करते हुये कहा , “ शराबबंदी का लाभ लोग देख रहे हैं। पहले जो पति शराब पीकर घर आते थे, वे अब शराब बंद होने के बाद मुस्कुराते हुये घर आते हैं और साथ में जरुरी सामान भी लाते हैं। शराबबंदी लागू होने के बाद आज सब जगह शांति एवं प्रेम का माहौल हैं। अकेले कानून से कोई चीज को पूरी तरह से नियंत्रित नहीं की जा सकती बल्कि इसके लिये जन चेतना आवश्यक है। ” मुख्यमंत्री ने सरकार के सात निश्चय की चर्चा करते हुए कहा कि सात निश्चय को महागठबंधन के साझा कार्यक्रम में शामिल किया गया। सरकार बनने के बाद सात निश्चय के कार्यक्रमों को लागू करने के लिये योजनायें बनायी गयी। सात निश्चय को सरकारी कार्यक्रम के रूप में स्वीकार किया गया। सात निश्चय योजना को किस प्रकार लागू करना है, इस संदर्भ में विभिन्न पहलुओं पर गहन चिन्तन कर विभिन्न योजनाओं का सूत्रण किया गया जिसके बाद इस पर अमल शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि सात निश्चय की सभी योजनायें सार्वभौमिक है। इसमें समाज के किसी तबके, किसी इलाके और किसी भी परिवार को नहीं छोड़ा गया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय में से युवाओं के लिये पांच अव्यव हैं। उन्होंने कहा कि 12वीं से आगे पढ़ने वाले इच्छुक युवाओं के लिये स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड योजना लागू की गयी है, जिसमें चार लाख रूपये तक का क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराया जायेगा। जिन युवाओं में आगे पढ़ने की रूचि नहीं है और रोजगार तलाश रहे हैं, ऐसे 20 से 25 साल के युवाओं को रोजगार तलाशने के लिये दो साल तक एक हजार रूपये प्रतिमाह स्वयं सहायता भता दिया जायेगा। श्री कुमार ने कहा कि रोजगार पाने के लिये बहुत जरूरी है कि कम्प्यूटर पर काम करने का ज्ञान हो। साथ ही साथ उन्हें हिन्दी एवं अंग्रेजी बोलना आता हो तथा उनका व्यवहार अच्छा हो। युवाओं के क्षमतावर्द्धन के लिये कुशल युवा कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसके तहत युवाओं के क्षमतावर्द्धन के लिये कम्प्यूटर ज्ञान, संवाद कौशल एवं व्यवहार कौशल का प्रशिक्षण दिया जायेगा। कुछ युवा अपने बलबूते पर रोजगार एवं उद्योग लगाना चाहते हैं। ऐसे उद्यमी युवाओं को मदद करने के लिये पांच सौ करोड़ रूपये का कैपिटल वेंचर फंड बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने वर्तमान दौर को इंटरनेट का दौर बताया और कहा कि आज इंटरनेट पर सबकुछ आसानी से उपलब्ध है । आज जो किताबें आपके पास नहीं है, आप उन्हें इंटरनेट के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुये सभी सरकारी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में फरवरी से मुफ्त वाई-फाई की सुविधा दी जायेगी। उन्होंने छात्रों का आह्वान करते हुए कहा कि इस सुविधा का सही उपयोग कीजियेगा, ज्ञान की बातें ही डाउनलोड कीजियेगा। 

श्री कुमार ने कहा कि सरकार के सात निश्चयों में से एक निश्चय था ,महिलाओं को सभी सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण देने का। उन्होंने कहा कि 20 नवम्बर को सरकार बनी और दो माह के अंदर 20 जनवरी 2016 से इस योजना को लागू कर सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दे दिया गया है। उन्होंने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षा के बिना विकास संभव नहीं है। शिक्षा के प्रति आज सूबे में लोगों की मानसिकता बदली है। शिक्षा के बिना कोई आगे नहीं बढ़ सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाकी चार निश्चय हर घर नल का जल, हर घर शौचालय निर्माण, हर घर बिजली लगातार, पक्की गली-नाली योजना का क्रियान्वयन शुरू हो गया है। यदि पीने के लिये शुद्ध पानी उपलब्ध हो तथा खुले में शौच मुक्त हों तो नब्बे प्रतिशत बीमारियां स्वतः दूर हो जायेगी। उन्होंने कहा कि हर गांव के गली का पक्कीकरण और नाली का निर्माण कराया जायेगा। हर घर बिजली का कनेक्शन दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि चार साल के अंदर सरकार हर घर में नल का पानी पहुंचा देगी। उन्होंने लोगों से सात निश्चय की योजनाओं और लोक शिकायत निवारण कानून का फायदा उठाने की अपील की। इससे पूर्व चेतना सभा की शुरूआत शराबबंदी पर आधारित अभियान गीत से हुयी। सभा को जल संसाधन, योजना एवं विकास मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, ग्रामीण विकास, संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार समेत अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। 

कोई टिप्पणी नहीं: