सीरिया जाने के दौरान रूसी विमान दुर्घटनाग्रस्त, 92 लोग सवार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 25 दिसंबर 2016

सीरिया जाने के दौरान रूसी विमान दुर्घटनाग्रस्त, 92 लोग सवार

माॅस्को, 25 दिसंबर रूस के रक्षा मंत्रालय का एक विमान आज सीरिया जाने के दौरान काला सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 92 लोग सवार थे जिनमें से किसी के जीवित बचने की संभावना नहीं है। रूसी समाचार एजेंसी रिया ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से कहा कि विमान टीयू-154 राडार से गायब होने के बाद रूस के दक्षिणी शहर सोची के पास काला सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सरकारी कर्मचारियों और जाने माने सैन्य बैंड के कलाकारों के अलावा नौ पत्रकार भी सवार थे। वे रूसी वायु सेना के साथ नव वर्ष मनाने के लिए सीरिया के मीमिन वायुसैनिक अड्डा जा रहे थे। एजेंसी ने बताया कि विमान में 84 यात्री तथा चालक दल के आठ सदस्य सवार थे। उन्होंने कहा कि यात्रियों में नौ रूसी पत्रकार थे। 

विमान के हिस्से काला सागर में रूसी तट से 1.5 किलोमीटर दूर 50-70 मीटर की गहराई में मिले हैं। रिया ने अज्ञात सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि शुरुआती डाटा से संकेत मिले हैं कि विमान तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। रिपोर्ट की पुष्टि तत्काल नहीं हो पाई है। इंटरफैक्स समाचार एजेंसी ने अज्ञात सूत्रों के हवाले से कहा कि विमान से कोई आपातकालीन सिगनल नहीं भेजा गया। रूस के राष्ट्रपति कार्यालय 'क्रेमलिन' के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने पत्रकारों से कहा कि दुर्घटना के कारण के बारे में बात करना अभी जल्दबाजी होगा। पेस्कोव ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को मामले की जानकारी दे दी गयी है।

कोई टिप्पणी नहीं: