लखीमपुर खीरी 25 जनवरी, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आज जबरदस्त हमला बोलते हुए कहा कि नोटबंदी के जरिये जनता को सडक पर ला खडा करने वालों को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता सबक सिखायेगी। श्री यादव ने आज यहां धौरहरा के सिसैया में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनता को अच्छे दिन का सपना दिखाया गया था। उन्होंने सभा में आये लोगों से पूछा, “भाई, बताओ कहां हैं अच्छे दिन। क्या सांप्रदायिकता के जरिये समाज में जहर घोलना अच्छा दिन होता है। क्या बैंक और एटीएम पर लाइन लगाना अच्छा दिन होता है। अच्छे दिन का सपना दिखाकर गुमराह करने वाली पार्टी को इस बार जनता सबक सिखायेगी।” उन्होंने दावा किया कि “साइकिल” की हैंडिल को इस बार चुनाव में “हाथ” ने मजबूती से पकड रखा है। इसलिये साइकिल बगैर डगमगाये तीन सौ सीट ले आयेगी और गठबंधन की सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री ने चुटकी ली कि योग कराने वालों को जनता विधानसभा के आगामी चुनाव में शीर्षासन कराने के लिए तैयार बैठी है। सिर्फ सपने से ही काम नहीं चलता बल्कि सपनो को साकार करना पडता है। भाजपा ने तो अपने सपनो को ही ‘जुमला’ कहकर पल्ला झाड लिया। अब उन्हें पता चलेगा कि जुमला कहना उन्हें कितना भारी पड रहा है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी की वजह से देश को काफी नुकसान उठाना पडा। कारोबार प्रभावित हुए। जनता परेशान हुई। भ्रष्टाचार रोकने के लिए नोटबंदी की गयी लेकिन नोट बदलने में जमकर भ्रष्टाचार हुआ। लाइन में लगे लोगों की जाने गयीं। उनकी सरकार ने तो जान गंवाने वाले लोगों की मदद की। किसी और प्रदेश में ऐसे लोगों के परिवारों की कोई मदद नहीं की। हालात इस तरह बदतर थे कि एक महिला ने लाइन में ही बच्चे को जन्म दे दिया। हमने उसकी मदद की। बैंक वालों ने बच्चे का नाम खजांची रख दिया।
श्री यादव ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के नाम पर जनता को गुमराह किया गया लेकिन शहीदों के परिवारों की केन्द्र सरकार ने ठोस मदद नहीं की। उनकी सरकार ने शहीदों के परिवारों को 25 लाख रुपये दिये। अर्धसैनिक बलों और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर उनके परिजनों की भी मदद की। पत्रकार के मृत्यु पर उनके परिजनों को भी सहायता दी गयी। श्री यादव ने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव जनता को अच्छे दिन का सपना दिखाया और इसकी बदौलत केन्द्र में अपनी सरकार बना ली। ढाई साल से अधिक समय बीत गया मगर अच्छे दिन दूर- दूर तक कहीं नहीं दिख रहे है। इसके विपरीत प्रदेश की समाजवादी सरकार ने अपने सारे वादेे पूरे कर साबित किया कि हम जो कहते है, वह करके दिखाते हैं।” सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि प्रदेश के विकास के लिए उनकी सरकार ने जितना काम किया है उतना काम इससे पहले किसी भी सरकार ने नहीं किया। चुनावी घोषणा पर में किये गए सभी वादे हम पूरे करेगे । पार्टी ने घोषणा पत्र में सभी वर्गो का ध्यान रखा है। सरकार से आम लोगो को सीधा जोड़ने के लिए और जानकारियां आपके हाथों में पहुंचाने के लिए स्मार्ट फोन देने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के रोजगार के लिए सरकार ने पुलिस भर्ती को आसान करने का काम किया । इतना ही नहीं महिलाओं को पेंशन दी और अब प्रेशर कुकर देने की तैयारी है। प्रदेश में शुरु की गई डायल 100 सेवा से हम कानून व्यवस्था में सुधार ला रहे है । इस सेवा के शुरु होने पर 100 नम्बर पर फोन करते ही 15 मिनट में घटनास्थल पर पुलिस पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक पत्थरों वाली सरकार भी थी जिसने भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं तोड दी थी। पत्थरों वाली सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था की हालत काफी खराब थी। इंजीनियर को जन्मदिन पर चंदा नहीं देने की वजह से मार दिया गया था। तीन-तीन चिकित्साधिकारियों की हत्याएं हुईं। लखीमपुर के एक थाने में लडकी से बलात्कार कर हत्या कर दी गयी और शव थाना परिसर में ही एक पेड में टांग दिया गया था। सपा सरकार में कानून व्यवस्था खराब बताने वालों को अपने गिरेहबान में भी झांकना चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें