बरेली 04 फरवरी, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने आज चेतावनी भरे लहजे में कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के इशारे पर काम कर रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने में यदि सफल हो जाती है तो दलितों और पिछडों को मिलने वाला आरक्षण समाप्त हो जायेगा। सुश्री मायावती ने यहां बसपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित एक जनसभा में कहा कि भाजपा आरएसएस के एजेंडे पर काम कर रही है। आरएसएस आरक्षण के खिलाफ है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो दलितों और पिछड़ों को मिलने वाला आरक्षण समाप्त हो जायेगा।
उन्होंने कहा कि बसपा सरकार बनने पर दलितों और पिछड़ों का आरक्षण बरकरार रहेगा और साथ ही ग़रीबों को आर्थिक आधार पर भी आरक्षण दिया जायेगा। गरीब किसानों का एक लाख रुपये का कर्ज बसपा सरकार माफ़ करेगी। नोटबंदी की चर्चा करते हुए बसपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी से पहले अपने चहेतों का दस महीने पहले काला धन ठिकाने लगवा दिया। भाजपा के प्रति जनता आक्रोशित है, इस बात को भाजपा भांप चुकी है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री पद के लिए किसी का नाम पार्टी ने पेश नहीं किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें