हो ची मिन्ह(वियतनाम), 17 फरवरी, अपनी शीर्ष खिलाड़ियों पीवी सिंधू और सायना नेहवाल के बिना खेल रही भारतीय बैडमिंटन टीम को एशियाई मिश्रित टीम चैंपियनशिप के क्वार्टरफाइनल में शुक्रवार को थाईलैंड के हाथों 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। थाईलैंड ने यह मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में स्थान बना लिया। भारतीय टीम ने अपने ग्रुप में सिंगापुर को 4-1 से हराया था लेकिन उसे फिर कोरिया के हाथों 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। हर ग्रुप से दो शीर्ष टीमों को नाकअाउट क्वार्टरफाइनल में जाने का मौका मिला। भारतीय टीम ग्रुप डी में कोरिया के बाद दूसरे स्थान पर रहकर क्वार्टरफाइनल में पहुंची जहां उसे थाईलैंड ने रोक लिया। भारत ने पहला मैच गंवाया। लेकिन अगले दो मैच जीतकर 2-1 की बढ़त बनाई। भारत के पास जीत हासिल करने का सुनहरा मौका था मगर थाईलैंड ने शानदार वापसी करते हुए अगले दोनों मैच तीन गेमों के संघर्षपूर्ण मुकाबले में जीतकर अंतिम चार का टिकट हासिल कर लिया।
पहला मैच मिश्रित युगल का था जिसमें प्रणव चाेपड़ा और एन सिक्की रेड्डी को सावित्री अमृतापई और डेचापोल पुआवारानुकरोह ने 50 मिनट के संघर्षपूर्ण मुकाबले में 23-25, 21-10, 21-10 से हरा दिया। एचएस प्रणय ने पुरुष एकल में सुपन्यु अविहिंगसेनन को 39 मिनट में 21-18,21-15 से हराकर भारत काे 1-1 की बराबरी पर ला दिया। मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी ने पुरुष युगल मैच में किटिनुपोंग केड्रेन और निपितफाेन फुआंगफुआपेत को 34 मिनट में 21-19, 21-16 से हराकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। रितुपर्णा दास ने पोर्नपावी चाेचुवोंग से पहला गेम 21-11 से जीत लिया और तब लग रहा था कि भारत यह मुकाबला जीत जाएगा लेकिन थाई खिलाड़ी ने अगले दोनों गेम 21-12,21-15 से जीतकर मैच 50 मिनट में समाप्त कर दिया। थाईलैंड ने 2-2 की बराबरी कर ली। महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी के साथ भी यही कहानी रही। उन्होंने पहला गेम जीतने के बाद अगले दोनों गेम गंवा दिये और भारत के हाथ से सेमीफाइनल में जाने का मौका निकल गया। जोंगकोलफान किटिथाराकुल आैर रविंडा प्राजोेंगजई की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 57 मिनट में 15-21, 21-17, 21-7 से हराकर थाईलैंड को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें