उप राजधानी दुमका के विभिन्न शिवालयों में पूजा-अर्चना के लिये देर शाम तक श्रद्धालुओं की रही भारी भीड़ - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 24 फ़रवरी 2017

उप राजधानी दुमका के विभिन्न शिवालयों में पूजा-अर्चना के लिये देर शाम तक श्रद्धालुओं की रही भारी भीड़

mahashivratri-in-dumka
अमरेन्द्र सुमन (दुमका), महा शिवरात्रि के पावन अवसर पर उप राजधानी दुमका के विभिन्न प्रखण्डों में स्थित शिवालयों व देवालयों में दिन शुक्रवार (24 फरवरी 2017) को सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। इस अवसर पर भगवान शिव के विवाह मुर्हूत को जहाँ एक ओर झाँकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया वहीं गाजे-बाजे के साथ शिव बारात की जीवंत प्रस्तुति भी की गई। विभिन्न सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार उप राजधानी दुमका के प्रमुख देवालय धर्मस्थान में व्यापक रुप से शिवालय को सजाया गया तथा पूरी भव्यता के साथ अल-सुबह से ही पूजा-अर्चना में लोग तल्लीन दिखे। आकर्षक झाँकियाँ व रंग-विरंगी रोशनी में नहाया धर्मस्थान देखने लायक था। इसी तरह पहाड़ की चोटी पर अवस्थित शिवपहाड़ में बाबा भोलेनाथ व माता पार्वती की पूजा-अराधना के लिये कतारबद्ध दिखे। डंगालपाड़ा शिव मंदिर का दृश्य भी कुछ इसी तरह का था। मोरटंगा रोड में दिन भर डीजे पर धार्मिक गीतों के बीच थिरकते हुए बच्चे बाबा भोलेनाथ की भाव-भंगिमा मे आनंद उठाते दिखे। रसीकपुर, दुधानी, बन्दरजोरी, गोशाला रोड व अन्य स्थानों पर भी भगवान शिव व माता पार्वती की पूजा धूमधाम से हुई। सबसे अहम रहा बाबा बासुकिनाथ। जहाँ नागेश ज्योर्तिलिंग की पूजा के लिये झारखण्ड के विभिन्न जिलों सहित प0 बंगाल व बिहार के श्रद्धालुओं का आगमन हुआ। हजारों की तादाद में लोग बासुकिनाथ धाम में महादेव पर जर्लापण के साथ-साथ शिव बारात के लिये पिछले कई-कई दिनों से बासुकिनाथ धाम स्थित विभिन्न धर्मशालाओं में श्रद्धालुओं ने डेरा डाले रखा। काठीकुण्ड के दानीनाथ सहित सरैयाहाट के शुम्भेश्वरनाथ, जामा के सिरसानाथ, शिकारीपाड़ा के पंचवाहिनी, रामगढ़ के भालसुमर, गोपीकान्दर के शिवालय, मसलिया, रानेश्वर इत्यादि के शिवालयों में भी दिन शुक्रवार की सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी कतार मंदिरों मेे पूजा-अर्चना के लिये देखी गई। इस अवसर पर धतूरा फूल, धतूरा फल, भांग, गांजा सहित बेलपत्र, अबीर व अन्य पूजाजनित सामग्रियों की भारी खरीददारी मंदिर परिसर में देखी गई। बाबा पर गुलाल चढाकर श्रद्धालुओं ने आसन्न समय में घर-परिवार की शांति के लिये बाबा से मन्नतें भी मांगी। 

कोई टिप्पणी नहीं: