नयी दिल्ली, 17 फरवरी, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने अपने 24 साल के क्रिकेट करियर में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिन हुसैन को अपने समय का सर्वश्रेष्ठ कप्तान बताया है। सचिन ने अपनी ऑटोबायोग्राफी ‘प्लेइंग इट माई वे’ में इसका खुलासा करते हुए लिखा,“ “मैंने जितने भी कप्तानों के खिलाफ मैच खेला है, उनमे नासिर सबसे अच्छे कप्तान थे। वह हमेशा ही टीम के लिए अच्छी रणनीति बनाते थे। क्रिकेट को लेकर उनकी सोच बहुत अच्छी रहती थी और वह इस खेल को बहुत अच्छे से जानते भी थे।” चेन्नई में जन्मे नासिर ने 1989 से 2004 तक इंग्लैंड के लिये 96 टेस्ट और 88 वनडे खेले हैं। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 5764 रन और वनडे में 2332 रन बनाये। मास्टर ब्लास्टर सचिन ने कहा,“ नासिर कभी भी ऐसा नहीं करते थे, कि किसी बल्लेबाज ने कोई एक शॉट खेला, तो अगली गेंद पर उस जगह एक फील्डर लगाया हो। वह हमेशा ही कोशिश करते थे, कि अगली गेंद पर उसी शॉट के चक्कर में बल्लेबाज़ से गलती कराया जाये।”
सचिन ने अपनी ऑटोबायोग्राफी ‘प्लेइंग इट माई वे’ में नासिर के अलावा अपनी कप्तानी में 2015 में ऑस्ट्रेलिया को विश्वकप जीताने वाले पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क को ऑस्ट्रेलिया की ओर से अपने करियर का सबसे बेहतर कप्तान बताया। 43 वर्षीय पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा,“ भले ही रिकी पोंटिंग और स्टीव वॉ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए बहुत कुछ किया है, लेकिन उनके पास ऐसी टीम थी, जो कभी भी मैच को जीत सकती थी, इसलिए मुझे नहीं लगता उस समय ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए कप्तानी का कोई महत्व था। एलेन बॉर्डर की कप्तानी के समय मैं बहुत छोटा था, इसलिए उस पर मैं कुछ नहीं कहना चाहूंगा।” टेस्ट क्रिकेट में 200 मैच खेलने के बाद 2013 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले सचिन ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रेम स्मिथ की तारीफ करते हुए कहा, “जिस तरह से 22 साल की उम्र में स्मिथ ने दक्षिण अफ्रीका टीम को संभाला वह आसान नहीं था। मुझे लगता है ग्रेम स्मिथ भी कप्तानी के मामले में बहुत ऊपर है।”
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें