पटना 23 फरवरी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज महागठबंधन के विधायकों को विधानमंडल के चालू सत्र के दौरान दोनों सदनों में पूरी मुस्तैदी से रहने की नसीहत दी है । श्री कुमार ने महागठबंधन विधानमंडल दल की बैठक को संबोधित करते हुए बजट सत्र की पूरी कार्यवाही के साथ ही विधानसभा के विधायी कार्यो की भी जानकारी दी । विधायक बजट सत्र के बाद मजबूती से सदन में सरकार की बातों को रखें । उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी का काम है आरोप लगाना । मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष की ओर से राज्य सरकार के सात निश्चय पर सवाल उठाये जा रहे हैं । राज्य सरकार के सात निश्चय के साथ ही कृषि रोड़ मैप पर जमीनी स्तर पर काम चल रहा है । उन्होंने सभी विधायकों से राज्यपाल रामनाथ कोविंद के आज के दिये गये अभिभाषण को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी और कहा कि राज्य सरकार की पूरी उपलब्धि का उसमें आंकड़ा है ।
श्री कुमार ने कहा कि विधानसभा में जवाब देने से पहले मंत्री अपने विभाग की उपलब्धियों को विधायकों को दें। विधायक सरकार की उपलब्धियों की चर्चा सदन के अंदर और बाहर भी करें । सत्ता पक्ष के विधायक भी प्रश्नकाल में अपनी उपलब्धियां दिखाये और लोगों की समस्याओं को सदन में रखे । उन्होंने कहा कि सदन में विधायक कोई ऐसी बात नहीं करें जिससे सरकार को मुश्किल का सामना करना पड़े । किसी विधायक को यदि कोई तकलीफ हो तो वह सीधे मंत्री से मिले । राष्ट्रीय जनता दल (राजद )विधान मंडल दल की नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी ने कहा कि घटक दल के सभी विधायक अपनी जिम्मेवारियों को समझें । मंत्रियों को सभी विधायकों की समस्याओं का जवाब देना चाहिए और साथ ही विधायकों की समस्याओं का उन्हें हल निकालाना चाहिए । उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान दूसरी पाली में भी महागठबंधन के विधायकों को सदन में मौजूद रहना चाहिए । उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि यह प्रयास होना चाहिए कि घटक दल के विधायक सत्र के दौरान ज्यादा से ज्यादा सदन में मौजूद रहे । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार आगे बढ रही है और लोगों से जो वादा किया गया है उसे हर हाल में पूरा करें ।
श्री यादव ने कहा कि विधायक महागठबंधन सरकार की योजनाओं को समझें तथा सरकार के पक्ष में अपनी बात को रखें । उन्होंने कहा कि विधायकों को सदन के अंदर और बाहर सचेत होकर अपनी बात रखनी चाहिए । विधायक ऐसा कुछ नहीं बोले जिससे महागठबंधन की छवि खराब हो । विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने काफी उपलब्धि हासिल की है । बजट सत्र लम्बे अवधि का होता है । उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान घटक दल के सभी विधायक मुस्तैदी के साथ डटे रहे ।उन्होंने कहा कि भोजनावकाश के बाद भी पूरी उपस्थिति बनी रहे इसके लिये विधायकों को सतर्क रहना आवश्यक है । शिक्षा मंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि महागठबंधन की सरकार लोगों से किये गये वादा को पूरा कर रही है । विरोधी हर तरह से सरकार को घेरने की कोशिश में है । उन्होंने कहा कि सदन में महागठबंधन मजबूती से मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के सवालो का जबाव देगी ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें