दुमका 23 फरवरी, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड नामधारी दलों के खिलाफ हमला बोलते हुए आज कहा कि स्वार्थ के लिए वोट की राजनीति करनेवाले झारखंड नामधारी दलों को राज्य के आदिवासी-मूलवासियों की समस्याओं की चिन्ता नहीं है। इस कारण राज्य के गरीब आदिवासी एवं मूलवासियों का अभी तक अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है। श्री दास ने यहां दुमका में मेडिकल काॅलेज के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के 70 वर्ष और झारखंड निर्माण के 14 वर्षों तक सत्ता में आसीन दल के नेता आदिवासी और मूलवासियों के विकास के नाम पर उनका वोट बटोरते रहे लेकिन वे आदिवासियों के रोजी-रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं कर पाये, जिस कारण अभी भी यहां के नौजवान और बच्चे पलायन को विवश हैं। यहां की बच्चियों को रोजागर दिलाने के नाम पर बाहर बेचा जाता रहा है। लेकिन, दलितों के विकास की बात करनेवाले दलों ने उनकी कभी सुधि नहीं ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी गरीबी मिटाने के नाम पर झूठ की राजनीति करने की बजाय मुद्दे की राजनीति करने पर विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गरीब आदिवासी और मूलवासियों के विकास के लिए काम करने के मुद्दे पर वर्ष 2019 में जनता के बीच जायेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने गरीबी समाप्त करने का संकल्प लिया है। संतालपरगना की गरीबी समाप्त करने और इस इलाके को सजाने-संवारने के उद्देश्य से वे बार-बार यहां आते रहे है।
श्री दास ने दावा किया कि हाल में राजधानी रांची में आयोजित झारखंड मोमेंटम में अपेक्षा से अधिक लगभग 11 हजार से अधिक आये निवेशकों ने राज्य में औद्योगिक इकाई स्थापित करने को लेकर उत्साह दिखाया है। इससे आनेवाले समय में राज्य के विभिन्न इलाकों में छोटी-बड़ी नई औद्योगिक इकाइयां खुलेंगी। इससे यहां के हजारों नौजवानों को सुलभ रोजगार मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि सिर्फ कृषि से आम लोगों की आय के स्रोत में वृद्धि नहीं की जा सकती है। इसके लिए छोट-छोटे उद्यमों को बढ़ावा दिये जाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के बच्चों को बेहतर शिक्षा मुहैया कराने के लिए उनकी सरकार सभी स्तरों पर कार्य कर रही है। राज्य में डाक्टरों और नर्सो की कमी को दूर करने के लिए राज्य में छह मेडिकल काॅलेज स्थापित करने का निर्णय लिया है। अगले कुछ महीने में कोडरमा, बोकारो और चाईबासा में भी मेडिकल काॅलेज की स्थापना की जायेगी। उन्होंने कहा कि नर्सो की कमी को दूर करने के लिए आगामी अप्रैल महीने से राज्य के सभी सदर अस्पतालों मेें नर्सेंज कोर्स के पढ़ाई शुरू की जायेगी। मुख्यमंत्री ने मेडिकल काॅलेज का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय सीमा से पूर्व 18 माह में पूरा करने का निर्देश दिया। इस समारोह में राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री रामचन्द्र चन्द्रवंशी और समाज कल्याण मंत्री डा.लुईस मरांडी ने स्वास्थ्य के अलावा दुमका सहित संतालपगरना के विकास की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें