दक्षिण एशियाई देशों के अध्यक्षों के शिखर सम्मेलन 18 फरवरी को - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 17 फ़रवरी 2017

दक्षिण एशियाई देशों के अध्यक्षों के शिखर सम्मेलन 18 फरवरी को

saarc-speeker-meet-indore
इंदौर 17 फरवरी, दक्षिण एशियाई देशों के अध्यक्षों के शिखर सम्मेलन का उद्घाटन कल यहां अर्थात 18 फरवरी को लोक सभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन करेंगी। लोक सभा सचिवालय (कैंप इंदौर )के आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि दक्षिण एशियाई देशों के अध्यक्षों के शिखर सम्मेलन में श्रीमती महाजन के अलावा, लोक सभा के उपाध्यक्ष, डॉ एम् तंबिदुरै ,अंतर संसदीय संघ के अध्यक्ष साबिर चौधरी ,अफ़ग़ानिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर अब्दुल रऊफ इब्राहिमी, बांग्लादेश की संसद की स्पीकर, डॉ शिरीन शर्मिन चौधरी, भूटान की नेशनल असेंबली के स्पीकर जिग्मे ज़ांग्पो, भूटान की नेशनल काउंसिल के डिप्टी चेयरपर्सन शेरिंग दोरजी , श्रीलंका की संसद के स्पीकर कारू जयसूर्या, मालदीव की संसद के स्पीकर अब्दुल्ला मसीह मोहम्मद , नेपाल की संसद की अध्यक्ष सुश्री ओनसारी घरती समेत इस सम्मेलन में भाग ले रहे देशों के संसद सदस्य शामिल होंगे । मध्य प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष, डॉ सीतासरन शर्मा और अन्य विशिष्टजन भी इस उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार इस शिखर सम्मेलन में दक्षिण एशिया में सतत विकास लक्ष्यों के कार्यान्वयन के लिए संसाधनों का पता लगाना : संसदीय सहयोग के अवसर विषय पर पूर्ण सत्र होगा। इस सत्र में प्रतिनिधियों को दक्षिण एशियाई क्षेत्र में सतत विकास लक्ष्यों के कार्यान्वयन के बारे में जानकारी दी जाएगी और उन तौर-तरीकों के बारे में चर्चा की जाएगी जिनसे संसदें यह सुनिश्चित कर सकती हैं कि राष्ट्रीय और क्षेत्रीय सतत विकास लक्ष्यों संबंधी रणनीतियों के कार्यान्वयन के लिए पर्याप्त वित्तीय और अन्य संसाधन उपलब्ध हों।


आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस सम्मेलन में सतत विकास के महत्वपूर्ण कारक के रूप में महिला-पुरुष समानता विषय पर आयोजित किए जा रहे कार्य सत्र में महिला-पुरुष अनुपात का संतुलन बनाने और सतत विकास की नीतियों के महिलाओं पर सकारात्मक प्रभाव को सुनिश्चित करने के लिए सतत विकास लक्ष्यों के तहत उपलब्ध अवसरों पर चर्चा की जाएगी। जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं की चुनौती के साथ प्रभावी ढंग से निपटना, क्षेत्रीय संसदीय सहयोग के अवसर विषय पर आयोजित किए जा रहे एक अन्य कार्य सत्र में यह चर्चा की जाएगी कि इस क्षेत्र की संसदें जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियों का सामना करने के लिए किस प्रकार सहयोग कर सकती हैं और संसाधनों का आदान-प्रदान कर सकती हैं । सूत्रों के अनुसार इस शिखर सम्मेलन के दौरान प्रतिनिधियों के लिए भारत की विरासत को दर्शाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा । प्रतिनिधि और उनके साथ आए विशिष्टजन 20 फरवरी को सम्मेलन के बाद मांडू के दौरे पर जाएंगे। शिखर सम्मेलन के अंतिम दिन अर्थात 19 फरवरी को 'इंदौर घोषणा' स्वीकार किये जाने का प्रस्ताव है ।  दक्षिण एशियाई देशों के अध्यक्षों के शिखर सम्मेलन के लिए आज से इंदौर में प्रतिनिधियों का आगमन शुरू हो गया है। देर रात तक शेष सभी प्रतिनिधी यहां आ जायेगें ।इस सम्मेलन में पाकिस्तान भाग नही ले रहा है । 

कोई टिप्पणी नहीं: