इंदौर, 16 फरवरी, लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने आज मध्यप्रदेश के इंदौर में कहा कि दक्षिण एशियाई देशों के लोकसभा अध्यक्षों का शिखर सम्मेलन 18 फरवरी को इंदौर में आयोजित किया गया है और इस बैठक में पाकिस्तान भाग नहीं लेगा। स्थानीय सांसद श्रीमती महाजन ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि बैठक में शिरकत करने के लिए पाकिस्तान को आमंत्रण भेजा गया था, लेकिन पाकिस्तान ने इसमें शामिल होने में असर्मथता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बैठक में अगर पाकिस्तान भाग लेना नहीं चाहता है तो कोई बात नहीं, हम अन्य देशों के साथ मिलजुल कर आगे बढेंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन के लिए भारत ने म्यांमार को भी आंमत्रण भेजा था, लेकिन उन्होंने उनके यहां बजट सत्र चलने का हवाला देकर सम्मेलन में भाग लेने में असर्मथता व्यक्त की है।
लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती महाजन ने कहा कि शिखर सम्मेलन में दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) के सहभागी अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव और श्रीलंका समेत भारत की संसद के पीठासीन अधिकारी भाग ले रहे हैं। श्रीमती महाजन ने कहा कि शिखर सम्मेलन में दो दिन की चर्चा के दौरान दक्षिण एशियाई क्षेत्र के लिए प्रासंगिक तीन विषयों दक्षिण एशिया में सतत विकास लक्ष्यों के कार्यान्वयन के लिए संसाधनों का पता लगाना, सतत विकास के महत्वपूर्ण कारक के रूप में महिला-पुरूष समानता और जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं की चुनौती के साथ प्रभावी ढंग से निपटना पर विचार-विमर्श होगा।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों से तात्पर्य सामाजिक लाभों की संभावना को प्रभावित किए बिना वर्तमान में उपलब्ध इन लाभों का उपयोग करना है। इस शिखर सम्मेलन के आयोजन से दक्षिण एशियाई क्षेत्र के सांसदों को इस क्षेत्र के विकास संबंधी सरोकारों पर मिलकर चर्चा करने के लिए अंतराष्ट्रीय मंच उपलब्ध होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें